सुभाष बराला ने गुरुग्राम में किया भाजपा कार्यालय का शिलान्यास

Font Size
सुभाष बराला ने गुरुग्राम में किया भाजपा कार्यालय का शिलान्यास 2गुरुग्राम, 23 अप्रेल। हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला तथा हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने आज भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारियों के साथ गुरुग्राम के सैक्टर-41 में पार्टी के नए जिला कार्यालय के निर्माण के लिए भूमि पूजन एवं हवन किया।
 
इस मौके पर उपस्थित भाजपा के सैंकड़ो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री बराला ने कहा कि आज के दिन हरियाणा प्रदेश में भाजपा के 11 कार्यालयों का भूमि पूजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी पार्टी कार्यालय अगले लोकसभा चुनाव से पहले बनकर तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी में आजीवन सहयोग निधि का अभियान चलाया हुआ है। श्री बराला ने आशा जताई कि हर कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के निर्माण में आहुति डालेगा। 
 
उन्होंने कहा कि सरकार के साथ पार्टी कार्यकर्ता भी सरकार की जन कल्याण की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने में सहयोग दें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की इन योजनाओं का लाभ लेने से वंचित ना रहे। श्री बराला ने कहा कि आज हर बूथ तक हमारा संगठन पहुंच चुका है और आईटी के माध्यम से जन कल्याण की सभी योजनाएं बूथ के स्तर तक पहुंचा दी गई हैं। 
 
श्री बराला ने पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डाला और कहा कि जनसंघ के रूप में 11 सदस्यों से शुरू हुई इस पार्टी के अब 11 करोड़ सदस्य हो गए हैं। हरियाणा में भाजपा के  सदस्यों की संख्या 32 लाख है जो किसी भी राजनितिक दल से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि यह हजारो हजार कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनितिक दल बन गया है। आज मैंबर पंचायत से लेकर संसद सदस्य तक भाजपा के लोग हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी को चलाने के लिए मूलभूत आवश्यकताएं संजोने पर ध्यान दिया है और अपने कार्यालय होने का जो सपना भाजपा तथा जनसंघ के नेताओं ने संजोया था वह अब पूरा होने जा रहा है। श्री बराला को गांव सिलोखरा के कृष्ण, मुकेश शर्मा, अशोक शर्मा, अमित शर्मा, पप्पु सेठी आदि ने पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।सुभाष बराला ने गुरुग्राम में किया भाजपा कार्यालय का शिलान्यास 3
 
इससे पहले अपने विचार रखते हुए भाजपा की राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक भाजपा के पार्टी कार्यालय बनाने का पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जो सपना देखा था वह पूरा हो रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी का केंद्रीय कार्यालय दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर 18 महीने के रिकार्ड समय में बनाया गया है और इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष 18 बार उसके निर्माण का निरीक्षण करने गए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा के वरिष्ठतम व वृद्ध कार्यकर्ता बिहारी लाल कालरा के हौसले के प्रशंसा की। 
 
हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने इस मौके पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आज प्रदेश में कई जगहों पर भाजपा पार्टी कार्यालयों का भूमि पूजन हो रहा है परंतु प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने गुरुग्राम में आने का समय निकाला जो हम सबके लिए खुशी की बात है। अपनी बेबाक शैली के लिए लोकप्रिय राव नरबीर सिंह ने कहा कि अब तक पार्टी के जिला अध्यक्ष के हिसाब से ही कार्यालय बनते रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले पार्टी का कार्यालय सदर बाजार में था, उसके बाद तेजपाल तंवर अध्यक्ष बने तो इन्होंने अपना कार्यालय खोला और अब भूपेंद्र चौहान जिलाध्यक्ष हैं तो इन्होंने सैक्टर-10 में कार्यालय खोल रखा है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि पार्टी का अपना कार्यालय तो होना ही चाहिए। गुरुग्राम के विधायक उमेश अग्रवाल ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि यह कार्यालय संगठन के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि हमें सिखाया गया है कि किसी भी संगठन के लिए 5 ‘क’ अर्थात् कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यालय, कोष तथा क्रियांत जरूरी होते हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है जिसका कोई सानी नही है।
 
इस कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव, संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, प्रदेश मंत्री गार्गी कक्कड़, गुरुग्राम के विधायक उमेश अग्रवाल, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, हरियाणा डेयरी विकास प्रसंघ के चेयरमैन जी एल शर्मा, प्रदेश मंत्री गार्गी कक्कड़, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, भाजपा प्रवक्ता रमन मलिक व सतप्रकाश जरावता, भाजपा जिला महामंत्री मनोज शर्मा व अनिल गंडास, जिला परिषद अध्यक्ष कल्याण सिंह चौहान, जिला कोषाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष हरविंद्र कोहली, मेयर मधु आजाद, पार्षद अश्वनी शर्मा, भाजपा निगरानी समिति के जिलाध्यक्ष सुमेर सिंह तंवर, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव, भाजपा नेत्री योगिता धीर, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष संदीप राघव, मण्डल अध्यक्ष अरूण बंसल, मनोज यादव, वीरेंद्र त्यागी, भाजपा नेत्री मीनु शर्मा, भूपेंद्र यादव, मुकेश यादव आदि उपस्थित थे। 

You cannot copy content of this page