हरियाणा में निवेश करने की संभावना टटोल रहा है पुर्तगाल

Font Size

हरियाणा के दौरे पर शीघ्र आएगा पुर्तगाल से व्यापार शिष्टमंडल

 
चंडीगढ़, 8 मई :  पुर्तगाल ने हरियाणा की विकास गाथा में गहरी रूचि दिखाई है और प्रदेश में निवेश करने की पेशकश की है। पुर्तगाल से एक व्यापार शिष्टमंडल विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने के लिए शीघ्र ही हरियाणा का दौरा करेगा। 
 
भारत में पुर्तगाल के राजदूत जोआओ दा कामारा, जिन्होंने आज यहां मुख्यमंत्री  मनोहर लाल से भेंट की, ने प्रदेश में हुए विकास की सराहना करते हुए कहा कि पुर्तगाल की अनेक कम्पनियां हरियाणा में निवेश करने के लिए इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि पुर्तगाल और हरियाणा के बीच निवेश से भारत और पुर्तगाल के द्विपक्षीय संबंध और मजबूत करने में मदद मिलेगी। 
 मनोहर लाल ने श्री कामारा द्वारा की गई पेशकश का स्वागत करते हुए पुर्तगाल की कम्पनियों को हरियाणा में इकाइयां स्थापित करने में राज्य सरकार के हरसंभव सहयोग एवं समर्थन का आश्वासन दिया।  मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के अधिकारियों को दिल्ली में पुर्तगाल के प्राधिकारियों से सम्पर्क में रहने और हरियाणा में निवेश करने की इच्छुक कम्पनियों की सूची प्राप्त करने के निर्देश दिए ताकि इस संबंध में आगे बातचीत जारी रखी जा सके। 
 
उन्होंने कहा कि हरियाणा, जो दिल्ली को तीन ओर से घेरता है, में आधारभूत संरचना, चिकित्सा शिक्षा, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, एयरो स्पेस और कृषि प्रसंस्करण के क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। इसके अतिरिक्त, जिला सोनीपत के गन्नौर में लगभग 600 एकड़ भूमि पर एशिया की सबसे बड़ी फल एवं सब्जी मंडी विकसित की जा रही है जो हरियाणा के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की आवश्यकताओं को भी पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 40 मिलियन आबादी की फलों, सब्जियों, फूलों तथा दूध की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विशेष रूप से  राष्टï्रीय राजधानी क्षेत्र में कृषि की पैरी-अर्बन अवधारणा क्रियान्वित कर रही है।  
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही मुख्य परियोजनाओं में दक्षिणी हरियाणा में 1200 एकड़ क्षेत्र पर औद्योगिक लॉजिस्टिक हब और 136 किलोमीटर लम्बे कुण्डली-मानेसर-पलवल एक्सप्रैसवे के दोनों ओर समर्पित औद्योगिक कॉरिडोर शामिल हैं।  उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में आयोजित किए गए हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट 2016 के दौरान अग्रणी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कम्पनियों ने हरियाणा में निवेश करने में गहरी रूचि दिखाई और इस दौरान लगभग छ: लाख करोड़ रुपये के निवेश के समझौते हस्ताक्षरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सम्मिट की सफलता को देखते हुए राज्य सरकार की फरवरी-मार्च, 2018 में यह सम्मिट दोबारा आयोजित करने की योजना है। 
 
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव  सुधीर राजपाल, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक  राजा शेखर वुंडरू तथा राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठï अधिकारी भी उपस्थित थे। 

You cannot copy content of this page