धरा धर्म अभियान के अंतर्गत गौरी गौशाला आश्रम, वृंदावन में “पर्यावरण योद्धा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन

Font Size

अनिरुद्धाचार्य जी महाराज को मिला “पर्यावरण योद्धा अवॉर्ड 2025–26”

वृंदावन  : धरा के संरक्षण हेतु जन-जागरूकता और सनातन संस्कृति के माध्यम से पर्यावरण के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व को पुनः जागृत करने वाले “ धरा धर्म अभियान ” के अंतर्गत गौरी गौशाला आश्रम, वृंदावन में नेचर वेलफेयर काउंसिल द्वारा “ पर्यावरण योद्धा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन श्रद्धा, प्रेरणा एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा सनातन परंपरा में निहित प्रकृति-पूजन के भाव को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना रहा।


समारोह का मुख्य आकर्षण एवं गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब पर्यावरण संरक्षण, जनजागरण और प्रकृति सेवा के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुँचाने वाले पूज्य संत श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज को उनके पर्यावरण समर्पण एवं सेवा भाव के लिए “ पर्यावरण योद्धा अवॉर्ड 2025–26” से सम्मानित किया गया। नेचर वेलफेयर काउंसिल द्वारा महाराज श्री को यह सम्मान उनके प्रेरक प्रवचनों तथा वृक्षारोपण व प्रकृति सेवा के प्रति जन-मानस को जागृत करने वाले सतत कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अनंत श्री विभूषित श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर डॉ. राजेश्वर दास जी महाराज (अखिल भारतीय श्री पंच अनी दिगंबर अखाड़ा) का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। उनके साथ अन्य संतजन एवं पूजनीय आचार्यगण भी मंच पर उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रेरणा से परिपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में विशेष सानिध्य सत्यवान शर्मा बाबूजी का भी प्राप्त हुआ, जिससे आयोजन और अधिक प्रेरक एवं दिव्य बन गया। कार्यक्रम का मंच संचालन पूज्य पं. पदरेणू जी महाराज द्वारा किया गया, जबकि इस आयोजन की अध्यक्षता बिहारी लाल वशिष्ठ जी ने की।

धरा धर्म अभियान के अंतर्गत गौरी गौशाला आश्रम, वृंदावन में “पर्यावरण योद्धा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन 2


नेचर वेलफेयर काउंसिल के सेंट्रल चेयरमेन राहुल द्विवेदी जी एवं वाईस चेयरमेन उद्द्यायन कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में परिषद के समस्त पदाधिकारियों ने मंच पर पधारे संत-महात्माओं एवं अतिथियों का तुलसी का पौधा भेंट कर, पुष्पमाला एवं पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर सेंट्रल चेयरमेन राहुल द्विवेदी जी ने अपने संबोधन में कहा कि “धरा धर्म अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हर जागरूक नागरिक का जीवन-संकल्प है। यदि हम वृक्ष, जल और प्रकृति की रक्षा करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दे पाएंगे। नेचर वेलफेयर काउंसिल का प्रयास है कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जाए और सनातन संस्कृति के मूल संदेश ‘प्रकृति ही धर्म है’ को समाज के हर घर तक पहुँचाया जाए।” उन्होंने आगे बताया कि परिषद द्वारा आगामी दिनों में भक्तों एवं पर्यावरण प्रेमियों के साथ “प्रकृति जागरूकता रैली (साइकिल यात्रा)” का आयोजन प्रस्तावित है, जो दिल्ली से वृंदावन तक लगभग 135 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए दो दिवसीय स्वरूप में संपन्न की जाएगी। श्री राहुल द्विवेदी ने यह भी बताया कि इस अभियान को लेकर उन्हें पूज्य संत श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज का विशेष आशीर्वचन प्राप्त हुआ है तथा महाराज श्री का इस प्रकृति जागरूकता साइकिल यात्रा अभियान में भी सहयोग एवं मार्गदर्शन मिलने वाला है, जिससे यह जन-जागरूकता अभियान और अधिक व्यापक एवं प्रभावशाली बनेगा।


कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सदस्य अंकुर सिंह ने मंच से उपस्थित जनसमूह को नेचर वेलफेयर काउंसिल की विचारधारा, उद्देश्यों एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने परिषद द्वारा चलाए जा रहे धरा धर्म अभियान, वृक्षारोपण, जन-जागरूकता तथा प्रकृति-संवर्धन से जुड़े विभिन्न प्रयासों को साझा करते हुए सभी नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण रक्षा को केवल अभियान नहीं, बल्कि अपनी दैनिक जीवनशैली का अनिवार्य हिस्सा बनाएं।

धरा धर्म अभियान के अंतर्गत गौरी गौशाला आश्रम, वृंदावन में “पर्यावरण योद्धा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन 3


कार्यक्रम की मंचीय व्यवस्था, संचालन-समन्वय एवं आयोजन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने में केंद्रीय निदेशक सुधीर शर्मा तथा सेंट्रल डायरेक्टर मीडिया बोर्ड अनुराग कुलश्रेष्ठ का विशेष सहयोग एवं सराहनीय प्रयास रहा। इसी क्रम में अनुराग कुलश्रेष्ठ ने नेचर वेलफेयर काउंसिल के आमंत्रण पर कार्यक्रम में उपस्थित समस्त पत्रकार बंधुओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों का भी हृदय से आभार व्यक्त किया और पर्यावरण जागरूकता के इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।


इस अवसर पर उपस्थित विशिष्ट अतिथियों एवं समाजसेवी महानुभावों को भी उनके प्रेरणादायी योगदान के लिए “पर्यावरण योद्धा सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मानित अतिथियों में प्रमुख रूप से महेंद्र प्रताप सिंह जी (एडवोकेट) (अध्यक्ष, श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास), दुर्गा दत्ता जी (“बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ”, उत्तराखंड प्रदेश सचिव), सोनिया शर्मा जी (समाजसेवी, दिल्ली), प्रिया साध जी (राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष, आज़ाद युवा संगठन/महिला शक्ति), जगबीर सिंह परमार जी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, तांडव सेना), मान्या साध जी (राष्ट्रीय संगठन महामंत्री) तथा MD प्रांजल जैन जी (बेटिया फाउंडेशन / National NGO & Light Of Nation News) शामिल रहे।


कार्यक्रम में नेचर वेलफेयर काउंसिल के अनेक दायित्ववान पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें जॉइंट सेक्रेटरी एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट श्रीमती गीता वर्मा जी, सेंट्रल सेक्रेटरी मनीष, जॉइंट सेक्रेटरी शुभम शर्मा निदेशक दिल्ली श्रीमती अनिता नागपाल, राज्य निदेशक उत्तर प्रदेश रवि शर्मा, राज्य सदस्य रामकुमार शर्मा, जिला सदस्य, हर्ष ठाकुर, सेंट्रल मीडिया प्रमुख जोहार जैदी तथा स्वराज वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।

धरा धर्म अभियान के अंतर्गत गौरी गौशाला आश्रम, वृंदावन में “पर्यावरण योद्धा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन 4


कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जब विश्व जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है, तब सनातन संस्कृति हमें प्रकृति की रक्षा का मार्ग दिखाती है और यह संदेश देती है कि पृथ्वी माता है तथा उसकी रक्षा करना हम सभी का परम कर्तव्य है। समारोह में उपस्थित सभी जनों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, जल संरक्षण को जीवनशैली बनाने तथा प्लास्टिक मुक्त समाज की दिशा में निरंतर प्रयास करने का सामूहिक संकल्प लिया।


अंत में नेचर वेलफेयर काउंसिल द्वारा पूज्य संत अनिरुद्धाचार्य जी महाराज को पर्यावरण योद्धा सम्मान हेतु हार्दिक बधाई दी गई तथा मंचासीन संत-महात्माओं, महामंडलेश्वर जी महाराज, सत्यवान शर्मा बाबूजी, अध्यक्ष महोदय, अतिथियों, मातृशक्ति एवं समस्त पर्यावरण प्रेमियों का आभार व्यक्त किया गया।

Table of Contents

You cannot copy content of this page