कारसेवकों के बलिदान की स्मृति में बजरंग दल का सेवा यज्ञ : हुतात्मा दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित

Font Size

रोहतक । हुतातमा दिवस के अवसर पर कारसेवा में बलिदान हुए वीर हुतात्माओं की पावन स्मृति को समर्पित रक्तदान शिविर का आयोजन आज विश्व हिन्दू परिषद प्रांत कार्यालय, भारत भक्ति आश्रम (पुरानी आई.टी.आई. के पास, पुल के नीचे, गली संख्या–3, रोहतक) में किया गया।

इस आयोजन का सफल संचालन रोहतक जिला टोली द्वारा किया गया, जिसमें 100 से अधिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाजसेवा के इस पुनीत कार्य में योगदान दिया।
रक्त संग्रह का कार्य पी.जी.आई.एम.एस., रोहतक की प्रशिक्षित मेडिकल टीम द्वारा अत्यंत वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ। टीम ने रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।

कारसेवकों के बलिदान की स्मृति में बजरंग दल का सेवा यज्ञ : हुतात्मा दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित 2


हमारे परम पूजनीय संतजन भी इस रक्तदान शिविर में पधारे।
उन्होंने न केवल अपने आशीर्वाद से कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया, बल्कि स्वयं भी अमूल्य रक्तदान कर समाज को कृतज्ञ किया। उनकी उपस्थिति ने सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

इस पावन अवसर पर पूज्य संत महामण्डलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरा नंद जी महाराज, पूज्य महामण्डलेश्वर स्वामी अनुभूता नंद जी महाराज, पूज्य स्वामी शंकरानंद जी, पूज्य महामण्डलेश्वर विद्या स्वरूप जी, महामण्डलेश्वर माता महेश्वरी देवी एवं संत जगदानंद जी महाराज सरीखे संतों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को दिव्यता और आध्यात्मिक ऊँचाई प्रदान की।

पूज्य महामण्डलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरा नंद महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा —


“रक्तदान केवल शरीर का नहीं, भावना का दान है। यह वह तप है जो मनुष्य को ईश्वर के और समीप ले जाता है। रक्तदान स्वास्थ्यवर्धन का उत्तम साधन है; प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर इस पुण्य कार्य में सहभागी होना चाहिए।”

पूज्य महामण्डलेश्वर स्वामी अनुभूता नंद महाराज ने कहा —


“जिस प्रकार अग्निहोत्र में आहुति से वातावरण शुद्ध होता है, उसी प्रकार रक्तदान से समाज में जीवन का संचार होता है — यही सच्ची साधना है।”

इस आयोजन की योजना और व्यवस्था में बजरंगदल नगर संयोजक पौरुष , जिला मंत्री केशव भारद्वाज , सह मंत्री कमल सुनेजा , तथा जिला संगठन मंत्री कमल शास्त्री जी की सक्रिय भूमिका रही। उनके नेतृत्व में शिविर अनुशासन, सेवा और सौहार्द के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

सह जिला मंत्री कमल सुनेजा ने इस अवसर पर हुतात्मा दिवस मनाने के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा —

कारसेवकों के बलिदान की स्मृति में बजरंग दल का सेवा यज्ञ : हुतात्मा दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित 3


“सन 1992 में राम मंदिर पुनर्स्थापना आंदोलन के दौरान तत्कालीन सरकार ने निर्दोष रामभक्त कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किए, यहाँ तक कि उन पर गोलियाँ चलाईं। अनेक रामसेवकों ने उस आंदोलन में अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्हीं वीर हुतात्माओं की स्मृति में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल हर वर्ष राष्ट्रव्यापी रक्तदान शिविरों का आयोजन करते हैं। उसी श्रृंखला में आज प्रांत कार्यालय, रोहतक में यह शिविर सम्पन्न हुआ है।”

प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति से कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर हरियाणा प्रांत संगठन मंत्री राधेश्याम जी, विभाग कार्यवाह देवेंद्र जी, जिला कार्यवाह सुनील जी, जिला प्रचारक, जिला अध्यक्ष राजीव मलिक जी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत खट्टर, प्रांत सह कोषाध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल, सह प्रांत संयोजिका मातृशक्ति सरला बहन, जिला संयोजिका सुनीता, जिला विशेष संपर्क प्रमुख गुलशन जी, जिला गौ रक्षा प्रमुख प्रिंस जी, प्रांत प्रचार टोली सदस्य विजय जी सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उनकी उपस्थिति और संवाद ने कार्यकर्ताओं के उत्साह को और ऊँचा किया तथा आयोजन में प्रेरणादायक वातावरण निर्मित किया।

जिला मंत्री केशव भारद्वाज ने कहा —


“यह आयोजन पूजनीय संतों के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विश्व हिन्दू परिषद सदैव सेवा कार्यों में अग्रणी रही है, और बजरंग दल के कार्यकर्ता सेवा में सबसे आगे खड़े होते हैं। यह विश्व का सबसे बड़ा युवा संगठन है और विश्वभर में सर्वाधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने वाला भी संगठन है।”

रक्तदान शिविर के माध्यम से हुतात्माओं के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए समाजसेवा का यह यज्ञ पूर्ण श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन केवल सामाजिक नहीं, आध्यात्मिक दृष्टि से भी प्रेरक रहा — क्योंकि सनातन धर्म में सेवा और त्याग को ही सच्ची पूजा माना गया है।
“जहाँ भक्ति कर्म में बदल जाए, वहीं धर्म जीवंत रहता है।”

Table of Contents

You cannot copy content of this page