एक से मां तो दूसरे से बाप परेशान हैं : अमित शाह

Font Size

राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भाजपा नेता का कटाक्ष

पीलीभीत : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सपा-कांग्रेस के गठबंधन और दोनों पार्टियों के युवा नेताओं की जुगलबंदी पर शनिवार को जम कर प्रहार किया. उन्होंने कहा कि अभी तक उत्तर प्रदेश की जनता एक से ही परेशान थी, अब दो हो गये हैं। शाह ने यहां आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए  दावा किया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तो शुरू से ही हार स्वीकार कर ली है। अगर उन्हें अपनी जीत का भरोसा होता तो कांग्रेस से हाथ क्यों मिलाते ?

कांग्रेस के राष्ट्रिय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा कि राहुल बाबा और अखिलेश बाबू का हाल ये है कि एक से मां तो दूसरे से बाप परेशान हैं.  ये दो विचारधाराओं का नहीं बल्कि दो परिवारों का मिलन है। दोनों ही परिवार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं। कांग्रेस की संप्रग सरकार ने तो आकाश के ऊपर शून्य से लेकर पाताल तक घोटाले किये हैं।

 

भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री अखिलेश से सवाल किया कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने ढाई वर्ष में उत्तर प्रदेश को ढाई लाख करोड़ की धनराशि भेजी, वह कहां चली गई। भाजपा की सरकार के बनते ही जनता के ऊपर हुए एक एक अत्याचार का हिसाब लिया जायेगा।

 

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि कमल के फूल का बटन दबाने से भाजपा के लिये वोट नहीं होगा बल्कि इससे प्रदेश का भाग्य बदलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों के दौरान सपा और बसपा की सरकारों ने प्रदेश को बदहाल और बर्बाद कर दिया है।

You cannot copy content of this page