लटकती तारों से 70 मौत, फिर भी नींद में हैं निगम अधिकारी : अभय जैन

Font Size

पटेल नगर में घरों के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली के तार

आर एस चौहान 

गुरूग्राम :  सेक्टर-15 पार्ट 2 के साथ लगती पटेल नगर काॅलोनी में घरों के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली तारों से बीते एक दशक में काॅलोनी वासियों के अनुसार 70 मौतें हो चुकी हैं। इसके बावजूद भी गुरूग्राम नगर निगम अधिकारी नींद से जागने को तैयार नहीं हैं।

मानव आवाज संस्था के अध्यक्ष अभय जैन और प्रवक्ता बनवारी लाल सैनी ने बताया कि काॅलोनी में करीब 25000 लोग रहते हैं। तारों को शिफ्ट करने का कार्य जो छह महीने में पूरा हो जाना चाहिये, वह 10 साल में भी पूरा नहीं हो सका है।

मानव आवाज संस्था के अनुसार हरियाणा वि़द्युत प्रसारण निगम लिमिटेड ने 15 जून 2016 को नगर निगम आयुक्त कार्यालय को पत्र लिखकर बिजली की 66 केवीए हाई टेंशन लाइन शिफ्ट करने के लिए 4.10 करोड़ रूपये की मांग की थी। लेकिन नगर निगम यह राशि देने में बेवजह देरी कर रहा है और इसी कारण से बिजली की तारें नहीं हट पा रही है।

पटेल नगर सुधार मंडल के प्रधान दीपचंद चैधरी का कहना है कि मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद भी नगर निगम अधिकारी बेवजह देरी कर रहे हैं। लगातार हो रही देरी से कभी भी कोई हादसा हो सकता है, जिसमें अन्य जानें भी जा सकती है। चार साल पहले भी कुछ तारें हटाई गई थी। उनका खर्च भी नगर निगम ने उठाया था। ऐसे में जब नगर निगम को खर्च उठाना ही है तो वे तुरंत इस काम को क्यों नहीं करा देते।
मंडल प्रधान ने आगे बताया कि कष्ट निवारण समिति की बैठक में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर के समक्ष यह मामला उठा था। मुख्यमंत्री के समक्ष हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड ने इस कार्य में खर्च आने वाली राशि नगर निगम से मांगी थी। मुख्यमंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से यह राशि हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड को जारी करने के आदेश दिये थे। नगर निगम अधिकारी इतने लापरवाह हैं कि मुख्यमंत्री के आदेशों का भी पालन नहीं कर रहे हैं।

मंडल प्रधान ने बताया कि करीब छह महीने पहले 66 केवीए लाइन की तार टूटकर मकानों पर गिर गई थी। जिससे कई घरों में रखे बिजली उपकरणों में आग भी लग गई थी। इस हादसे के बाद काॅलोनी वासियों ने पुरजोर विरोध जताया था लेकिन उसके बावजूद नगर निगम तारें शिफ्ट कराने में देरी कर रहा है।

You cannot copy content of this page