राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह को मातृ शोक, गुरूग्राम में किया गया अंतिम संस्कार

Font Size

– महिला सशक्तिकरण की पैरोकार रही थी मिश्री देवी, सामाजिक सेवाओं के लिए केंद्र व राज्य सरकार ने किया था सम्मानित

गुरूग्राम, 8 सितंबर। राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह, आईएएस (सेवानिवृत्त) की माताजी मिश्री देवी पत्नी मक्खन लाल जी का 7 सितंबर शनिवार को अपराह्न 3.30 बजे, 93 वर्ष की आयु में गुरूग्राम में निधन हो गया। आज रविवार 8 सितंबर को गुरूग्राम में उनके आवास पर पार्थिव देह के अंतिम दर्शन उपरांत सुखराली स्थित शिव शमशान भूमि में उनका दाह संस्कार किया गया। जिसमें डीसी निशांत कुमार यादव, गुरूग्राम के एसडीएम रविंद्र कुमार, नगर निगम गुरूग्राम के संयुक्त आयुक्त सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों सहित शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

– महिला सशक्तिकरण की पैरोकार रही मिश्री देवी

स्वर्गीय मिश्री देवी ने अपने पूरे जीवनकाल में दहेज प्रथा,भ्रूण हत्या जैसे विषयों पर अपनी आवाज मुखर रखते हुए महिला सशक्तिकरण पर बल दिया। उन्होंने सामाजिक उत्थान की दिशा में काम करते हुए जाति प्रथा जैसी कुरीतियों के विरूद्ध भी निरन्तर प्रचार किया। स्वयं निरक्षर होते हुये भी उन्होंने लड़कियों की शिक्षा पर बल दिया। अत्यंत निर्धन परिवार में पैदा होकर भी उन्होंने अपनी सन्तान को आत्म सम्मान के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया।

– सामाजिक सेवाओं के लिए केंद्र व राज्य सरकार ने किया था सम्मानित श्रीमती मिश्री देवी का समाज के प्रति समर्पण भाव देखकर
समय समय पर विभिन्न सरकारों ने उनको सम्मानित भी किया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने वर्ष 2010 में उन्हें वयो श्रेष्ठ श्रेणी में राष्ट्रीय सर्वोत्कृष्ट मॉं के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं वर्ष 2013 में हरियाणा राज्य सरकार ने उन्हें मदर टेरेसा राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया। हरियाणा इन्स्टिट्यूट आफ फ़ाइन आर्ट्स ने उन्हें कर्मयोगी पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके साथ साथ राज्य की अनेक समाजसेवी संस्थाओं और संगठनों ने उन्हें समय समय पर सामाजिक क्षेत्र में उनके द्वारा किये गये सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया था।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page