कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नितीश कुमार को “आया राम गया राम” बताया

Font Size

नई दिल्ली /पूर्णिया : कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज बिहार के पूर्णिया में आयोजित कांग्रेस पार्टी की रैली के लिए भेजे अपने विडियो सन्देश में नवगठित एनडीए की सरकार पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार को एनडीए के साथ जुड़ने पर कटाक्ष करते हुए “आया राम गया राम ” की संज्ञा दी  है . उन्होंने कहा  है कि आज पूर्णिया में होने वाली रैली में आपके पास आने की काफी इच्छा थी, पर मौसम खराब होने के कारण मैं नहीं आ पाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम आज राजनीति के ऐसे दौर से गुजर रहे हैं, जब बड़े-बड़े लोग अपने स्वार्थ में छोटे-छोटे फायदे के लिए अपने जमीर का सौदा कर लेते हैं। लेकिन हमारे बीच एक ऐसा भी व्यक्ति है जो सिर्फ सिद्धांतों की राजनीति करता है। जो राजनीति के माध्यम से लोगों को सिर्फ देने की सोचता है।

श्री खरगे ने अपना विडियो सन्देश सोशल मिडिया प्लेटफोर्म एक्स पर भी साझा किया है. उन्होंने अपने पोस्ट में कहा है कि राहुल गांधी  एक ऐसे नेता हैं, जिन्होंने अपने लिए त्याग, तपस्या और बलिदान का रास्ता चुना है। हमारे लिए गर्व की बात है कि राहुल गाँधी ने हर एक भारतीय को सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय दिलाने का संकल्प लिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि आज का दिन दो मायने में काफी महत्पपूर्ण है। पहला- आज महात्मा गांधी जी की 76वीं पुण्यतिथि है। दूसरा- आज के दिन ही राहुल गांधी जी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समापन किया था।  बिहार लोकतंत्र की जन्मभूमि है। यहां कई महान नेता व स्वतंत्रता सेनानियों का जन्म हुआ है, लेकिन बड़े दुख के साथ कहना पड़ता है कि आज इस भूमि पर लोग मौकापरस्ती और लालच की राजनीति कर रहे हैं।

उन्होने कहा है कि जो बिहार दुनिया को प्रकाश देता था, वह अब आया राम-गया राम, आया कुमार-गया कुमार की राजनीतिक प्रयोगशाला बन गया है। पर हमारे पैर छोटी-मोटी चीजों से डगमगाने वाले नहीं है। कोई रहे या जाए.. हम अपने उसूलों को छोड़ने वाले नहीं हैं। हम में महात्मा गांधी, सरदार पटेल, राजेंद्र बाबू, मौलाना आजाद की रूह है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा है कि हम इसको कायम रखने के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे। कांग्रेस पार्टी ने किसी को धोखा नहीं दिया है। महागठबंधन की सरकार ने वर्षों से विकास यात्रा को गति देने का प्रयास किया, जो मोदी और शाह को चुभ गया; उनको यह पसंद नहीं आया। उन्होंने बिहार के सम्मान और विकास के साथ खिलवाड़ किया है।

श्री खरगे ने कहा है कि UPA सरकार के समय में बिहार के विकास के लिए 2 लाख करोड़ रुपए दिए गए। इसमें 6 पावर प्रोजेक्ट समेत कई बड़े काम हुए, लेकिन मोदी सरकार में बिहार के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार किया गया और जो मदद मिलती थी उसको भी बंद कर दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि मोदी जी ने पटना मैदान में चुनाव से पहले 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी। वह पैसा कहां गया, कोई नहीं जानता? बिहार ने 40 में से 39 सीट BJP गठबंधन को दी, लेकिन मोदी जी ने इसके बदले में किसी को कुछ नहीं दिया और बिहार को पीछे ही ढकेला।

उनका कहना है कि  मैं पूर्णिया की सभा में आए लोगों को कहना चाहता हूं कि इस इलाके की एकता को तोड़ने के लिए BJP बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक का खेल खेलती है, इसलिए लोगों को सावधान रहना है। कट्टरता से कभी किसी देश का भला नहीं हो सकता है। आज कांग्रेस काफी मजबूत स्थिति में है, इस कारण BJP काफी बेचैन है, तभी वह सहयोगी दलों को तोड़ने का काम कर रही है।

सोशल मिडिया पर साझा विडियो पोस्ट में कहा है कि ED, CBI, IT ये सब जुटे हुए हैं। बिहार और महाराष्ट्र में जो हुआ, वह खेल अभी चालू रहेगा, यहां तक कि लालू यादव के परिवार को भी परेशान किया जा रहा है। झारखंड के मुख्यमंत्री के ऊपर भी सरकार ED का दुरुपयोग कर रही है। आप से अपील है कि ऐसा करने वालों को सजा जरुर दें।

केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि मोदी जी ने बेरोजगारी, महंगाई को लेकर जो वादे किए थे, उन्होंने उसके उलट काम किया। RSS-BJP बराबरी की बात केवल भाषणों में करती है लेकिन हकीकत में वह अमीर को और अमीर गरीब को और गरीब बनाती है। साथ ही उद्योगपतियों को मालामाल करने के लिए सरकारी चीजों को उनके हवाले कर दे रही है।

 

श्री खरगे ने आने वाले लोकसभा चुनाव की चर्चा करते हुए कहा है कि आगामी चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़े जा रहे हैं। इसी लड़ाई के लिए हम आपसे वोट मांग रहे हैं। मुझे विश्वास है कि आप ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के विचारों को घर-घर तक पहुंचाएंगे।

You cannot copy content of this page