प्रधानमंत्री महिला किसान ड्रोन केंद्र’ योजना लॉन्च : तीन साल में महिलाओं को 15 हजार ड्रोन दिए जाएंगे

Font Size

नई दिल्ली :  प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने आज विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की और उनके अनुभव जानने की कोशिश की . इस अवसर पर उन्होंने देश में जन औषधि केंद्रों की संख्या 10,000 से बढ़ाकर 25,000 करने के लिए एक कार्यक्रम भी लांच किया. साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने ‘प्रधानमंत्री महिला किसान ड्रोन केंद्र’ की योजना को भी लॉन्च किया.  ड्रोन केंद्र महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को ड्रोन मुहैया करेगा ताकि वे इस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर आजीविका कमा सकें. इस योजना के तहत तीन सालों में महिलाओं को 15 हजार ड्रोन दिए जाएंगे.

प्रधान मंत्री ने इस अवसर पर अपनेर संबोधन में कहा कि अच्छी दवाई और सस्ती दवाई ये बहुत बड़ी सेवा है। जितने लोग मुझे सुन रहे हैं, उनसे मेरा आग्रह ​है कि जनऔषधि केंद्र के बारे में लोगों को बताइए।  दवाइयों पर जो खर्च पहले 12-13 हजार का होता था, वह जनऔषधि केंद्र की वजह से सिर्फ 2-3 हजार हो रहा है यानी 10 हजार रुपये आपकी जेब में बच रहे हैं।

उन्होंने ड्रोन योजना की चर्चा करते हुए कहा कि जब ड्रोन चलाने के लिए प्रशिक्षण देने की शुरुआत की गई तो इस योजना को लेकर बहुत से लोगों ने संदेह जताए थे। रमन अम्मा जी जैसी महिलाओं ने साबित कर दिया कि ड्रोन कृषि में तकनीक के दायरे से आगे बढ़कर महिला सशक्तिकरण का भी एक प्रतीक बनकर उभरेगा। आप सभी पूरे देश के लिए एक प्रेरणा हैं। विकसित भारत की इस संकल्प यात्रा में आप जैसी महिलाओं की भागीदारी बहुत ही अहम है।

पीएम मोदी ने कहा कि मैं जो ये संकल्प यात्रा लेकर निकला हूं, इसके पीछे मेरा मकसद यही है कि जिनको सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है, उनके अनुभव जानना है और जिनको नहीं मिला उन्हें 5 साल में उन योजनाओं का लाभ देना है।इसलिए देश के हर गांव में ‘मोदी के विकास की गारंटी’ की गाड़ी पहुंचने वाली है। आज ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के 15 दिन पूरे हो रहे हैं। हमने इस गाड़ी का नाम रखा था ‘विकास रथ’, लेकिन इन 15 दिनों में लोगों ने इसका नाम बदल कर ‘मोदी की गारंटी वाली गाड़ी’ रख दिया है। मुझे ये जानकर अच्छा लगा कि आपको मोदी पर इतना विश्वास है। मैं भी आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपको दी हुई सभी गारंटियों को मैं पूरा करूंगा।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोग ‘विकसित भारत रथों’ का स्वागत कर रहे हैं, रथ के साथ चल रहे हैं। जिस तरह युवा और समाज के हर वर्ग के लोग विकसित भारत यात्रा से जुड़ रहे हैं। वह प्रेरित करने वाले हैं।

उनका कहना था कि सभी लोग अपने गांव की कहानी सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। लेकिन आप लोग इन कहानियों को नमो एप पर जरूर अपलोड करें क्योंकि मैं नमो एप पर इन गतिविधियों को प्रतिदिन देखता हूं।देश के लोगों ने वह दौर भी देखा है, जब पहले की सरकारें खुद को जन​ता का माई बाप समझती थी।

उन्होंने कहा कि इस कारण आजादी के अनेक दशकों बाद तक देश की बहुत बड़ी आबादी मूल सुविधाओं से वंचित रही।निराशा की स्थिति को हमारी सरकार ने बदला है। आज देश में जो सरकार है, वह जनता-जनार्दन को ईश्वर का रूप मानने वाली सरकार है। हम सत्ता भाव से नहीं, सेवा भाव से काम करने वाले हैं।

Table of Contents

You cannot copy content of this page