किसानों को मोटे अनाज व सही उन्नत कृषि के प्रति जागरूक करने के लिए जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित

Font Size

– एडीसी हितेश कुमार मीणा का किसानों से आह्वान, पोषक तत्वों से भरपूर मोटे अनाज की उपज की अच्छी कीमत से किसानों को होगा लाभ

गुरुग्राम, 29 नवंबर। जिला के किसानों को मोटे अनाज, उपज और उन्हें सही उन्नत कृषि के प्रति जागरूक करने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा बुधवार को सोहना स्थित के.आर मंगलम विश्वविद्यालय के प्रांगण में जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया। इस किसान मेले का शुभारंभ एडीसी हितेश कुमार मीणा ने बतौर मुख्यातिथि किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अंकुश मित्तल भी उपस्थित रहे।

एडीसी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज के रूप में मनाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत पूरे देश में किसान मेलों का आयोजन कर लोगों को मोटे अनाजों को आहार में शामिल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने जिलावासियों से मोटे अनाज को प्रतिदिन के आहार में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि मोटा अनाज हमारी सेहत के लिए बेहद लाभकारी है, इसलिए हमें इसे अपने हर रोज के आहार में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें ज्यादा से ज्यादा मोटे अनाज से बने व्यंजनों को खाना चाहिए। इस दौरान एडीसी ने मेले में लगाई गई स्टॉलों पर मोटे अनाजों से तैयार किए गए व्यजनों का स्वाद भी चखा।

एडीसी ने कहा कि मोटा अनाज कुपोषण मुक्त भारत के विजन को साकार करने का सबसे बढ़िया माध्यम है। मोटे अनाजों में भरपूर मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसलिए लगातार मोटे अनाज के सेवन से शरीर को कई फायदेमंद पोषक तत्व मिलते हैं जो हमें बीमारियों से लड़ने में मदद करते हैं। मोटा अनाज में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो गेहूं और चावल में नहीं होते हैं। वही इसके उत्पादन में कीटनाशक का इस्तेमाल भी कम होता है। इसकी खेती पर्यावरण, जल संरक्षण और स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर मानी गई है। पोषक तत्वों से भरपूर होने के चलते किसानों को मोटे अनाज की उपज की अच्छी कीमत भी मिल रही है, जिससे उनकी आय में इजाफा हो रहा है। यह हमारे लिए बड़ी बात है क्योंकि विश्वभर में मोटा अनाज उगाने वाले देशों में भारत अग्रणी है।

कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ अनिल तंवर ने बताया कि किसान मेले में किसानों को कृषि के क्षेत्र में उन्नत तरीकों की जानकारी दी गई, जिससे किसान अधिक से अधिक लाभ अर्जित कर सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य के किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं बनाई गई है। इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के किसानों को आर्थिक संभल दिया जा रहा है। इस दौरान मेले में उपस्थित सभी लोगों को अपने आहार में मोटे अनाजों को शामिल करने के प्रति शपथ भी दिलाई गई।

You cannot copy content of this page