व्यापारियों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगे भिवानी के अजय बनारसी दास गुप्ता

Font Size

-हरियाणा से एक मात्र प्रतिनिधि के रूप में शामिल किए गए हैं अजय

भिवानी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत बनारसी दास गुप्ता जी के पुत्र अजय गुप्ता को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड में व्यापारिक एसोसिएशन एवं राज्यों के प्रतिनिधियों में शामिल किया गया है। वे प्रदेश स्तर पर हरियाणा का नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड में प्रतिनिधित्व करेंगे।

अजय बनारसी दास गुप्ता लंबे समय से व्यापारियों के हितों में कार्य करते आ रहे हैं। कई व्यापारिक व सामाजिक गतिविधियों में पूर्ण रूप से सक्रिय रहे हैं। दो साल के लिए अजय बनारसी दास गुप्ता की इस नियुक्ति में व्यापारी हित में काम करके वे उनके उत्थान के लिए काम करेंगे, ऐसी उम्मीद प्रदेश के व्यापारियों ने जताई है। उनका राष्ट्रीय स्तर यह चयन सिर्फ भिवानी का ही नहीं, हरियाणा का सम्मान है। यह उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है, जो इस स्तर पर उन्हें चुना गया। व्यापारियों के हितों के लिए करीब दो दशक से अजय गुप्ता लगे हुए हैं। उन्होंने हमेशा व्यापारी वर्ग की सहायता के लिए अग्रणी भूमिका निभाई है।

वर्ष 1964 में जन्में अजय गुप्ता ने आरम्भिक शिक्षा डीएवी स्कूल चंडीगढ़ से पूरी की। उच्च शिक्षा उन्होंने डीएवी कालेज चंडीगढ़ व वैश्य कालेज भिवानी से की। स्वतंत्रता सेनानी एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता के पुत्र अजय गुप्ता ने अपने पिता के साथ देशभर में भ्रमण कर व्यापारियों की समस्याओं का पता लगाकर उनके समाधान का प्रयास किया।

हरियाणा व्यापार मंडल के वे 15 साल से अधिक समय तक उपाध्यक्ष रहे। व्यापारियों से जुड़े प्रशासनिक अधिकारियों का राज्य स्तरीय सम्मेलन करके व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके समाधान को सिरे चढ़ाया। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, वैश्य महा सम्मेलन, अग्रोहा विकास ट्रस्ट, अग्रोहा मेडिकल कालेज आदि में अनेक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पदों पर रहते हुए समाज सुधार के काम किए। भिवानी शहर की दो सबसे प्रतिष्ठित धर्मार्थ शैक्षणिक संस्था वैश्य महाविद्यालय एवं आदर्श शिक्षा समिति महिला महाविद्यालय के 12 वर्ष से अधिक से प्रबंध समिति के अध्यक्ष के रूप में संचालन किया।

अशोक बुवानीवाला ने दी शुभकामनाएं

राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए व्यापारियों के हित में और बेहतर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश के 7 करोड़ व्यापारियों एवं उनके कर्मचारियों के हित में केंद्र सरकार ने पहली बार नेशनल ट्रेडर्स वेल्फेयर बोर्ड का गठन करके 13 सदस्यों को इसमें शामिल किया। बड़े अधिकारियों के दल में अजय बनारसी दास गुप्ता के शामिल किए जाने से हरियाणा का गौरव बढ़ा है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page