पीएम मोदी ने मन की बात में बंगलुरु के धनराज और मेघालय के ब्रायन जी की चर्चा क्यों की ?

Font Size

सुभाष चौधरी /The Public World 

नई दिल्ली :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मन की बात कार्यक्रम के तहत देश को संबोधित करते हुए chandrayaan-3 की  ऐतिहासिक सफलता  और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स  (World University Games )में भारत के  छात्र-छात्राओं द्वारा 26 मेडल हासिल करने  की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत में हर हाल में जीतने का जज्बा पैदा हो गया है.  उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान में एक तरफ डेढ़ करोड़ तिरंगा बिकने की बात की तो दूसरी तरफ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने वालों की संख्या 10 करोड़ से अधिक पार करने पर आश्चर्य व्यक्त किया.  प्रधानमंत्री ने संस्कृत भाषा के प्रति लोगों में बढ़ते रुझान , घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने और डेयरी सेक्टर में देश के अलग-अलग राज्यों में हो रहे विश्व स्तर के कामकाज की चर्चा की.  प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु के शिलालेख विशेषज्ञ धनपाल और मेघालय में 1700  गुफाओं की खोज करने वाले ब्रायन जी का उल्लेख कर उनके प्रयासों की सराहना की. 

 

मन की बात कार्यक्रम के आरंभ में प्रधानमंत्री ने सावन माह में ही 2 बार मन की बात कार्यक्रम होने पर खुशी जाहिर की.  उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना से संबंधित है और इसी माह में हमारा चंद्रयान 3 मिशन चंद्रमा पर सफलतापूर्वक पहुंचा.  इतनी बड़ी सफलता की जितनी चर्चा की जाए वह कम है. 

 

 उन्होंने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारतीय छात्र छात्राओं द्वारा मीनिंग खेलों में 26 मेडल  हासिल करने  की चर्चा करते हुए कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है.  इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश की तीरंदाजी में मेडल हासिल करने वाली खिलाड़ी प्रगति सहित चार खिलाड़ियों से बातचीत की.  उनसे उनकी खेल प्रतिभा के बारे में चर्चा की साथ ही वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में मेडल हासिल करने  के लिए उनकी तैयारी का अनुभव भी जाना. 

 

 नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में हर घर तिरंगा अभियान की चर्चा करते हुए बताया कि इस बार 56 लाख पोस्ट ऑफिस के माध्यम से लगभग डेढ़ करोड़ तिरंगे खरीदे गए .  उनका कहना था कि इस अभियान से करोड़ों का व्यवसाय हुआ जिसका  सीधा असर इससे जुड़े मध्य,  निम्न मध्यम,  और निम्न आर्थिक स्थिति वाले परिवारों को इसका लाभ पहुंचा.  उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा के साथ सेल्फी अपलोड करने के मामले में भी इस बार देशवासियों ने पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया.  उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2023 तक सेल्फी अपलोड करने वाले लोगों की संख्या 10 करोड़ को पार कर गई जबकि 2022 में यह संख्या 5 करोड़ की सीमा में थी. 

 

पीएम मोदी ने मन की बात में बंगलुरु के धनराज और मेघालय के ब्रायन जी की चर्चा क्यों की ?

 

प्रधानमंत्री ने मेरी माटी मेरा देश अभियान को लेकर भी बात की.  उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत देश के हर घर से मिट्टी, अमृत कलश में दिल्ली लाया जाएगा और इन्ही मिट्टियों से दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा. 

 

उन्होंने आगामी 31 अगस्त को होने वाले विश्व संस्कृत दिवस की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत की सबसे पुरानी भाषा के  प्रति  देश और दुनिया में आकर्षण काफी बढ़ा है . उन्होंने कहा कि संस्कृत को सीखने और सिखाने का अभियान भी देश में जोरों पर चल रहा है. इसके प्रति  लोगों में जागरूकता बढ़ी है.  उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में तीन डीम्ड संस्कृत यूनिवर्सिटी को केंद्रीय यूनिवर्सिटी का दर्जा दिया गया है.  उन्होंने कहा कि अब आईआईटी और आईआईएम जैसे बड़े संस्थानों में स्थापित संस्कृत केंद्र की लोकप्रियता भी काफी बड़ी है. 

 

 उनका कहना था कि अपनी संस्कृति और परम्परा से जोड़ने का माध्यम अपनी मातृभाषा होती है.  आगामी 29 अगस्त को तेलुगु भाषा दिवस की लोगों को शुभकामनाएं दी और इस भाषा के महत्व की चर्चा की.

 

 उन्होंने पर्यटन की चर्चा करते हुए कहा कि घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना हम सबकी जिम्मेदारी है .  उनका कहना था कि जब कभी हम किसी चीज को देखते हैं तो उसका महत्व सही तरीके से समझते हैं .  उन्होंने कहा कि जब हम समुद्र को खुली नजरों से देखते हैं तब उसकी गहराई और विस्तार का पता चलता है जबकि हिमालय को देखकर उसकी विशालता महसूस कर सकते हैं.  उनका कहना था कि अपने देश की विविधता और सुंदरता को हमें अवश्य देखना चाहिए.  उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि जब भी आपको समय मिले अपने देश का भ्रमण करने जरूर निकलना चाहिए.

 

 प्रधानमंत्री ने मेघालय निवासी  मशहूर गुफा विशेषज्ञ  ब्रायन जी  के नाम का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक उनके द्वारा मेघालय में 17 सौ से अधिक गुफाओं की खोज की जा चुकी है.  इन  गुफाओं में से देश की सबसे लंबी और गहरी कई गुफाएं भी शामिल हैं.  उन्होंने कहा कि ब्रायन जी को 1964 में ही स्कूल स्टूडेंट के रूप में गुफाओं  को जानने और समझने के प्रति रुझान बढ़ा था.  उन्होंने  स्पलियोलोजी में डिप्लोमा हासिल कर अपने ज्ञान को बढ़ाया और इस दिशा में बड़ा योगदान किया है.  लोगों से इन गुफाओं को देखने के लिए जाने की अपील की.

 

 उन्होंने बेंगलुरु  निवासी धर्मपाल की चर्चा करते हुए बताया कि ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट में ड्राइवर रहते हुए उन्होंने अपने पूरे जीवन लोगों को बेंगलुरु के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया.  लेकिन उन्होंने तब इसके बारे में जानने की कोशिश नहीं की. जब उनसे किसी शिला के बारे में किसी ने जानकारी पूछी तब उनकी आंखें खुली और उन्होंने शिलालेख का अध्ययन करना शुरू कर दिया.  उन्होंने अपनी योग्यता बढ़ाने के लिए शिलालेख  ( Epigraphy ) में डिप्लोमा  की डिग्री भी ली . 

 

 मन की बात कार्यक्रम में आज प्रधानमंत्री ने देश में डेयरी सेक्टर में हो रहे  काम की चर्चा करते हुए गुजरात के बनास डेयरी की बात की.  उन्होंने बताया कि यह एशिया की सबसे बड़ी डेयरी है जहां 75 लाख लीटर दूध  का उत्पादन प्रतिदिन  किया जाता है.  उन्होंने केरल में भी दूध डेयरी के द्वारा आयुर्वेदिक दवाइयों के विकास के क्षेत्र में किए जा रहे काम की चर्चा की.  उन्होंने राजस्थान के कोटा में अमनप्रीत सिंह की ओर से चलाई जा रही डेयरी में दो बायोगैस प्लांट लगाने की चर्चा करते हुए कहा कि उनके इस प्रयास से उनका बिजली का खर्च 70% तक कम हो गया.

You cannot copy content of this page