संत निरंकारी मिशन ने किया पौधारोपण

Font Size

‘वननेस वन’ परियोजना में लगे पौधे

गुरुग्राम, 13 अगस्त। संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘वननेस वन’ परियोजना के तहत आज प्रातः संत निरंकारी सत्संग भवन सैक्टर 31 के नजदीक पौधारोपण किया गया।


सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के दिव्य आशीर्वाद से समाज कल्याण के भाव से प्रेरित होकर आज संपूर्ण भारतवर्ष के विभिन्न भागों में पौधा रोपण किया जा रहा है। मानवता को समर्पित संत निरंकारी मिशन की ये सेवाएं श्रद्धालु भक्तों द्वारा निरंतर जारी हैं।


स्थानीय मुखी संजय चुघ ने बताया कि आज के वननेस वन अभियान की शुरुआत संत निरंकारी मंडल की कार्यकारिणी के सदस्य जेएस चावला ने पौधारोपण के साथ की। तत्पश्चात संत निरंकारी मंडल की प्रेस कोऑर्डिनेटर प्रिमल सिंह पिन्नो, गुरुग्राम की संयोजक निर्मल मनचंदा, निरंकारी बाबा गुरुबचन सिंह मेमोरियल कॉलेज सोहना के प्रेसिडेंट रविंद्र मनहास, मुखी कंवर सिंह यादव और सेवादल के सदस्यों ने पौधारोपण किया। पौधारोपण के लिए प्रातः ही श्रद्धालु भक्तों का आना प्रारंभ हो गया और सभी ने मिलजुल कर पौधे लगाए। पौधा रोपित करते ही सभी ने खुशी से तालियां बजाकर अभिवादन किया।


उन्होंने बताया कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और प्रदूषण को मिटाने के लिए संत निरंकारी मिशन द्वारा वननेस वन परियोजना के तहत गत वषों से लगातार पौधा रोपण अभियान जारी है। संत निरंकारी मिशन द्वारा जन हित में मेगा वृक्षारोपण अभियान, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण आदि के अभियान जारी हैं। संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘पर्यावरण संरक्षण’ के माध्यम से धरती को ओर अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं निर्मल बनाने का प्रयास है।


उन्होंने कहा कि मानव जीवन का संरक्षण करना, पौधारोपण करना और पर्यावरण का संतुलन रखना हमारा ही कर्तव्य है। मानवीय दायित्वों का निर्वाह करते हुए रोपित किए गए पौधों का संरक्षण भी किया जाएगा।

संत निरंकारी मिशन द्वारा सैक्टर 31 गुरुग्राम में पौधारोपण करते हुए।

Table of Contents

You cannot copy content of this page