अम्बाला, गुरुग्राम व करनाल की पब्लिक लाईब्रेरी अब होंगी मॉडर्न : डा. अमित अग्रवाल

Font Size

प्रदेश की सभी पब्लिक लाईब्रेरियों की देखरेख का कार्य सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग को

चण्डीगढ, 8 जनवरी।  मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं महानिदेशक सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग डा. अमित अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश की सभी पब्लिक लाईब्रेरियों की देखरेख का कार्य सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग को दिया गया है जिसके तहत पहले चरण में अम्बाला, करनाल व गुरुग्राम की पब्लिक लाईब्रेरियों को आधुनिक किया जाएगा। यह कार्य एचएसआईडीसी द्वारा सीएसआर के तहत किया जाएगा।

         डा. अग्रवाल ने बताया कि आज सूचना प्रौद्योगिकी युग में पाठकों का रुझान पुस्ताकालयों में रखी किताबों की ओर कम होता जा रहा है। हर कोई मोबाइल या लैपटॉप पर ही पढने में रूचि ले रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की सोच है कि सार्वजनिक पुस्ताकालयों में रखी किताबें हमारे ज्ञान की धरोहर हैं। जब भी समय मिले हर किसी को किताबों का अध्ययन करना चाहिए। इसी कड़ी में सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग को मुख्यमंत्री ने अम्बाला, करनाल व गुरुग्राम की जिला लाईब्रेरी को मॉडर्न बनाने की जिम्मेवारी सौंपी है। इन लाइब्रेरियों में नया फर्नीचर आदि लगाकर मॉडर्न बनाया जाएगा ताकि पठन-पाठन में लोग रूचि लें। इसके अलावा विभाग प्रदेश के सभी जिलों की पब्लिक लाईब्रेरियों का रखरखाव भी करेगा। पहले यह कार्य उच्चतर शिक्षा विभाग के अधीन था।

         डा. अग्रवाल ने कहा कि इन माडर्न पुस्तकालयों में रखी किताबों की सूची ऑनलाईन की जाएंगी और पाठक अपनी रुचि के अनुसार किताबों का चयन कर सकें। इसके अलावा इन लाईब्रेरियों में डिजिटल माध्यम से भी पुस्तकें पढने की सुविधा उपलब्ध होगी। 

You cannot copy content of this page