‘खेलो हरियाणा यूथ गेम्स’ में गुरुग्राम में 3 खेलों का आयोजन, 1144 खिलाड़ी लेंगे भाग

Font Size


– 16 से 18 दिसम्बर के बीच फुटबॉल, जूडो व तीरंदाजी के होंगे मुकाबले : डीसी गुरुग्राम


गुरुग्राम, 14 दिसंबर। गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तर्ज पर हरियाणा में 16 से 18 दिसंबर तक खेलो हरियाणा यूथ गेम्स का आयोजन होने जा रहा है जिनमें प्रदेशभर से 18 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें लड़के और लड़कियां दोनों भाग लेंगे। खेलो हरियाणा यूथ गेम्स के तहत प्रदेश के 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों के खेल मुकाबले प्रदेश में 9 जगहों पर होंगे।


गुरुग्राम को मिली तीन खेलों की मेजबानी


डीसी श्री यादव ने बताया कि इसमें गुरुग्राम जिला को तीन खेलों नामतः जूडो, आरचरी यानी तीरंदाजी तथा फुटबॉल खेलों के मुकाबले करवाने की मेजबानी मिली है। इन तीन खेल स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाने के लिए प्रदेश भर के सभी 22 जिलों से 1144 खिलाड़ी 15 दिसंबर को ही गुरुग्राम पहुंच जाएंगे, जिनमें लड़के व लड़कियां दोनों शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम आने वाले इन खिलाड़ियों को खेलों में भाग लेने से लेकर ठहरने और खानपान में किसी प्रकार की कठिनाई ना हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।


उपायुक्त ने बताया कि सभी खिलाड़ी 15 दिसंबर को गुरुग्राम में नेहरू स्टेडियम में रिपोर्ट करेंगे, जहां से इन्हें इनके ठहरने के स्थानों पर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम आने वाले खिलाड़ियों के लिए दो स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसमें लड़कों के लिए जैकब पुरा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में व्यवस्था की गई है। वहीं लड़कियों को सेक्टर 10 ए स्थित लायंस पब्लिक स्कूल में ठहराया जाएगा। जुडो व तीरंदाजी से जुड़े सभी मुकाबले नेहरू स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त लड़कों के फुटबाल मैच सेक्टर 10ए स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित किए जाएंगे। वहीं लड़कियों के मैच ताऊ देवी लाल स्टेडियम में करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को ठहरने के स्थान से खेल मैदान तक लाने व ले जाने के लिए बसों का भी प्रबंध किया गया है।

You cannot copy content of this page