गुरुग्राम, 17 नवम्बर। राजकीय महाविद्यालय सैक्टर 9 में महिला प्रकोष्ठ द्वारा आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु दस दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रणधीर सिंह ने कार्यशाला के आयोजन पर महिला प्रकोष्ठ को शुभकामनाएं देते हुए लड़कियों के लिए आत्मरक्षा को बेहद आवश्यक बताया। डॉ रणधीर सिंह ने कहा कि सभी लड़कियों को मार्शल आर्टस अवश्य सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों से बचने के लिए लड़कियों को आत्मरक्षा अवश्य आनी चाहिए।

इस अवसर पर टाइगर रोर मार्शल आर्ट अकादमी के निदेशक पवन कुमार ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि सभी छात्राओं को हर हाल में अपना आत्मविश्वास एवं मनोबल बनाए रखना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ कृष्णा मल्हान ने कहा कि मार्शल आर्टस सीखने वाली छात्राएं सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ सकती हैं। घरेलु हिंसा से बचने के लिए भी आत्मरक्षा अवश्य आनी चाहिए।

इस मौके पर महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष संयोजिका डॉ सत्यम ने छात्राओं के बढ़ चढ़ कर भाग लेने पर उनकी प्रशंसा की। वंदना यादव ने इस कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। इस अवसर पर डॉ सुमन अहलावत, डॉ अंजना शर्मा, रीना, पूजा सिंह, मोनिका सहरावत, निशा रानी सहित अनेक प्राध्यापिकाएं उपस्थित रहे।