भारत अब लेने वाला नहीं, देने वाला बन रहा है : जेपी नड्डा

Font Size

– केंद्र सरकार की नौकरियों के लाभार्थियों को दिए नियुक्ति पत्र
– डिजिटल वर्ल्ड की दुनिया में भारत का 40 प्रतिशत योगदान : नड्डा
– वर्ष 2047 तक भारत बन जाएगा पूर्ण विकसित

गुरुग्राम, 22 अक्टूबर।  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को गुरुग्राम के अपेरल हाउस में आयोजित ’’रोजगार मेला’’ समारोह में शामिल हुए और उन्होंने केंद्र सरकार की नौकरियों के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे। नड्डा ने उपस्थित नवनियुक्त कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम भाग्यशाली है कि हम अमृतकाल में प्रवेश कर रहे हैं। हमें एकजुट होकर वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्ण रूप से विकसित भारत के विजन को पूरा करना है। नड्डा ने कहा डिजिटल वर्ल्ड की दुनिया में भारत तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है और भारत का योगदान 40 प्रतिशत हो गया है। रक्षा उत्पादों में भारत निर्यातक बन गया है, अब हम लेने वाले नहीं बल्कि देने वाले बन रहे हैं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, डा. सुधा यादव, विधायक जय प्रकाश जरावता, सुधीर सिंगला, दीपक मंगला समेत भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो कांफ्रेंस के जरिए संबोधन सुनने के बाद नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि एक तो जो आपकी नियुक्ति हुई है तो आप अमृतकाल में प्रवेश कर चुके हैं। अब आपके अगले 25 वर्ष जो सर्विस में गुजरेंगे वो आपके संकल्प का आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत, मानसिक रूप से गुलामी की जंजीरों से निकला भारत, सबका साथ, सबका विकास और एक साथ लेकर चलने का भारत तथा साथ ही साथ कर्तव्य बोध से भरा हुआ भारत होगा ऐसी कल्पना लेकर आपको आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि आप वो भाग्यशाली लोग हैं जिन्हें इस विकसित भारत में एक प्रमुख भूमिका अदा करने की जिम्मेदारी और एक सुनहरा मौका भी मिला है इसे ध्यान में रखकर चलना होगा।

भारत अब लेने वाला नहीं, देने वाला बन रहा है : जेपी नड्डा 2
जेपी नड्डा ने कहा कि देश एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का विजन है कि 2047 तक जब हम आजादी के 100 साल मनाएंगे तब भारत एक विकसित भारत होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए हमें सर्वांगीण विकास करना है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विपरित परिस्थितियों में भी महत्वपूर्ण निर्णयों के माध्यम से देश को इस मंदी में संभालकर आगे बढ़ने में अपना योगदान दिया है, यह कोई छोटी बात नहीं है।

अर्थव्यवस्था के बारे में बोलते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत 10वें नंबर से घटकर दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी इकोनोमी बन गया है, हम ब्रिटेन से भी आगे निकल चुके हैं। एक्सपोर्ट की बात की जाए तो हमने एक साल में 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। कभी आपने सुना था कि भारत हथियारों का भी एक्सपोर्ट करेगा, हम तो इम्पोर्ट करने वाले लोग थे। उन्होंने कहा कि सभी को मालूम है कि पहले बोफोर्स का स्कैंडल हुआ, हवाई जहाज व हेलीकाप्टर का भी स्कैंडल हुआ। लेकिन अब भारत बदल रहा है, आज भारत लेने वाला नहीं बल्कि देने वाला भारत बन रहा है। उन्होंने बताया कि हमारे वर्ल्ड के डिजिटल ट्रांजेक्शन में इंडिया का कांट्रीब्यूशन 40 प्रतिशत हो गया है। यानि की डिजिटल वर्ल्ड में भी भारत बहुत तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।   यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच का नतीजा है।

भारत अब लेने वाला नहीं, देने वाला बन रहा है : जेपी नड्डा 3
कोरोना काल का जिक्र करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि जब लोग जीवन की लड़ाई लड़ रहे थे, लॉकडाउन लगा हुआ था उस समय प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश की 80 करोड़ जनता को दो वक्त की रोटी का इंतजाम किया जो अब तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 100 साल पहले महामारी आई थी तब लोग बीमारी से ज्यादा भूखमरी से मारे गए थे। लेकिन इस महामारी के दौरान प्रधानमंत्री ने किसी भी व्यक्ति को भूखा नहीं सोने दिया।

नड्डा ने कहा कि हम वो भाग्यशाली लोग हैं जो आजाद भारत के अमृतकाल में प्रवेश कर चुके हैं। हमें सौभाग्य मिला है कि हम विकसित भारत का हिस्सा बन रहे हैं और उस विकसित भारत के पार्ट में दस लाख नौकरियों का यह प्रयोजन किया जा रहा है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों को कहा कि आप सब बड़े भाग्यशाली हैं जा आपको भारत सरकार में काम करने का मौका मिल रहा है। इसका आपको सदुपयोग करना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने की जिम्मेदारी आप सभी की है।

अगले एक साल में 10 लाख युवाओं को किया जाएगा भर्ती: धनखड़

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 10 लाख कर्मियों के लिए भर्ती अभियान रोजगार मेला का शुभारंभ आज धनतेरस के पावन अवसर पर किया गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोजगार मेला को संबोधित किया। उन्होंने आज 75,226 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी जारी किए। धनखड़ ने कहा कि इस रोजगार मेले का मकसद देशभर में 10 लाख सरकारी पदों पर अगले एक साल में भर्ती किया जाना है। इसके तहत हर महीने 75,000 से ज्यादा पात्र लोगों की भर्ती की जाएगी।

You cannot copy content of this page