गुरुग्राम जिला की मतदाता सूची में जुड़े 11 हजार 26 नए मतदाता

Font Size

पहली जनवरी 2022 को आधार तिथि मानकर गुरुग्राम जिला की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 

गुरुग्राम, 06 जनवरी। जिला में नवम्बर माह में चले विशेष मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त दावे व आपत्तियों के निस्तारण के बाद पहली जनवरी 2022 को आधार तिथि मानते हुए बुधवार को मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन किया गया। इस पुनरीक्षण में जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों नामतः पटौदी, बादशाहपुर, गुरुग्राम व सोहना में कुल 11026 नए मतदाता बने हैं। अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता सूची सभी 1236 बूथों पर बीएलओ के पास उपलब्ध करा दी गई है। सभी मतदाता संबंधित मतदान केंद्रों पर जाकर अपना नाम मतदाता सूची में देख सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला उपायुक्त डॉ यश गर्ग ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2022 को क्वालीफाइंग तिथि मानकर जिला गुरुग्राम के चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सूची के अनुसार गुरुग्राम जिला में अब मतदाताओं की कुल संख्या 12 लाख 69 हजार 398 हो गई है। जोकि पहले के मुकाबले 11 हजार 26 ज्यादा है जिसमें 5880 पुरुष व 5146 महिलाओं के नाम जुड़े हैं। इसके साथ ही जिला में सर्विस वोटर की संख्या 5470 से बढ़कर 5481 हो गयी है। मतदाता सूची प्रकाशन के बाद भी जिन लोगों के नाम सूची में नहीं है, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए फार्म भर सकते हैं। इसके लिए ऑफलाइन मोड के तहत मतदान केंद्र पर बीएलओ, मतदान क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी की मदद से आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा, ऑनलाइन माध्यम से वोटर हेल्पलाइन ऐप व www.voterportal.eci.gov.in अथवा www.ceoharyana.nic.in पर आवेदन दिया जा सकता है।

 

’बादशाहपुर सबसे बड़ी तो पटौदी सबसे छोटी विधानसभा’

मतदाताओं की संख्या के लिहाज से बादशाहपुर सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र है, वहीं पटौदी सबसे छोटी विधानसभा है। बादशाहपुर में 04 लाख से अधिक मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 02 लाख 20 हजार 780 और महिला मतदाताओं की संख्या 01 लाख 96 हजार 304 है। इसके अलावा गुरुग्राम विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 03 लाख 75 हजार 480 है। जिसमें पुरूषों की संख्या 01 लाख 96 हजार 947, महिलाओं की संख्या 01 लाख 78 हजार 533 है। सोहना में कुल मतदाता 02 लाख 46 हजार 615 हैं, जिसमें 01 लाख 31 हजार 800 पुरूष व 01 लाख 14 हजार 815 महिलाएं है। सबसे छोटी पटौदी विधानसभा में 02 लाख 30 हजार 219 मतदाता हैं। जिसमें पुरूष मतदाता 1 लाख 20 हजार 781, महिला मतदाता 1 लाख 09 हजार 438 है।

You cannot copy content of this page