कामां में उप परिवहन कार्यालय का 26 को होगा शुभारंभ : विधायक जाहिदा खान

Font Size

जुरहरा, ( भरतपुर) रेखचन्द्र भारद्वाज: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के द्वारा बजट घोषणा में क्षेत्रीय विधायक जाहिदा खान की अनुशंसा पर कामां में उप परिवहन कार्यालय को स्वीकृति दी गई थी. इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। खबर है कि इस घोषणा पर अमल के लिए आगामी 26 जुलाई को कामां विधायक जाहिदा खान द्वारा कार्यालय का शुभारंभ किया जाएगा।

कामां विधायक जाहिदा खान ने बताया कि कामां क्षेत्र के लोगों को परिवहन कार्यालय से संबधित कार्यों के लिए भरतपुर के चक्कर लगाने पड़ते थे जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आमजन की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से उनके द्वारा कामां में परिवहन कार्यालय खोलने की मांग की गई थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा बजट घोषणा में कामां में उप परिवहन कार्यालय को स्वीकृति प्रदान कर दी गई।

इसके बाद नगरपालिका कामां द्वारा कस्बे के कोट ऊपर स्थित सामुदायिक भवन को परिवहन कार्यालय के लिए अस्थाई रूप से दिया गया है। इससे जल्द ही क्षेत्र के लोगों के परिवहन कार्यालय से संबंधित कामकाज कामां में हो सकें। विधायक ने बताया कि 26 जुलाई को कार्यालय का शुभारंभ किया जाएगा।

इसके तहत कामां नगर पालिकाध्यक्ष गीता खंडेलवाल, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि भगवानदास खंडेलवाल, सब्जी मंडी समिति अध्यक्ष नरोत्तम सैनी, पार्षद अजीत सिंह जाटव, पूर्व पार्षद चंदन जाटव के द्वारा मौके पर पहुंचकर परिवहन कार्यालय के अधिकारी- कर्मचारियों के साथ मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिवहन कार्यालय के आरम्भ के बाद लाइसेंस सहित परिवहन से संबधित सभी कार्य कामां में ही हो सकेंगे।

You cannot copy content of this page