हरियाणा में सडक़ दुर्घटनाओं में 16 प्रतिशत कमी आई

Font Size
हरियाणा में सडक़ दुर्घटनाओं में 16 प्रतिशत कमी आई 2

चण्डीगढ़, 19 जनवरी : हरियाणा में सडक़ दुर्घटनाओं में वर्ष 2019 की तुलना में वर्ष 2020 में 16 प्रतिशत कमी आई है। सडक़ दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में भी 12 प्रतिशत कमी हुई है। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित परिवहन विकास परिषद की 40 वीं बैठक को संबोधित करते हुए हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने उक्त जानकारी दी । उन्होंने कहा कि हरियाणा में सडक दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं । सडक सुरक्षा की दिशा में हरियाणा में परिवहन विभाग,पुलिस विभाग,लोक निर्माण विभाग व स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्य किया जा रहा है।


हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों व राज्य राजमार्गों पर कुल 34 ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए गए हैं। हरियाणा में ओवर लोडिड वाहनों को नियंत्रित करने की दिशा में जिलों में पोर्टेबल भार तोलक यंत्र प्रदान किए गए हैं। हरियाणा में 03 चालक प्रशिक्षण व अनुसंधान केन्द्र स्थापित किए हुए हैं। प्रदेश में 09 अनुसंधान केन्द्र और स्थापित किए जा रहे हैं। हरियाणा में 01 निरीक्षण एवं प्रमाणिकरण केंद्र भी कार्यरत है। प्रदेश में 06 निरीक्षण एवं प्रमाणिकरण केंद्र और स्थापित किए जाएंगे।

हरियाणा के परिवहन मंत्री ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत आवश्यक सावधानियों के लिए विशेष दिशा निर्देश क्रियान्वित हैं। हरियाणा में 26 नवंबर,2020 से हरियाणा राज्य परिवहन की कुल 2176 बसों का पूर्ण क्षमता के साथ संचालन किया जा रहा है। इनमें से कुल 960 बसें विभिन्न राज्यों- उत्तर प्रदेश, राजस्थान,उत्तराखंड, हिमाचल के क्षेत्रों में संचालित की जा रही हैं।


उल्लेखनीय है कि केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 18 जनवरी से 17 फरवरी तक ‘राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह’ आयोजित किया जा रहा है। ‘राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह’ के अंतर्गत नई दिल्ली में विज्ञान भवन में केंद्रीय सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई परिवहन विकास परिषद की 40 वीं बैठक में राज्यों के परिवहन मंत्रियों ने भाग लिया।


परिवहन विकास परिषद की 40 वीं बैठक में केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. वी के सिंह भी मौजूद रहे। राज्यों के परिवहन मंत्रियों द्वारा उनके संबंधित राज्यों में सडक़ सुरक्षा के संदर्भ में किए जा रहे कार्यो के विवरण प्रस्तुत किए जाने के अतिरिक्त आवश्यकताओं के संदर्भ में भी अवगत करवाया गया।

You cannot copy content of this page