छत्तीसगढ़ में जवान ने की आत्महत्या

Font Size

रायपुर, पांच मार्च :  छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। जवान के आत्महत्या के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिली है।

नारायणपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को ‘ दूरभाष पर बताया कि जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीएएफ की 16 वीं बटालियन के शिविर में जवान अनिल कुमार यादव (32) ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कल रात जब अन्य जवान बैरक में सो रहे थे तब अनिल कुमार ने खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनने के बाद जवान वहां पहुंचे तब उन्होंने अनिल कुमार को खून से लथपथ देखा।

अधिकारियों ने बताया कि जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी अनिल कुमार ने आत्महत्या क्यों की है, इस संबंध में अभी तक जानकारी नहीं मिली है।

अधिकारियों ने बताया कि उनके साथी जवानों ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से व्यक्तिगत कारणों से परेशान था। पुलिस को आशंका है कि परेशानियों के चलते जवान अनिल कुमार ने यह कदम उठाया है।

उन्होंने बताया कि अनिल कुमार के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

राज्य सरकार ने पिछले सप्ताह विधानसभा में जानकारी दी है कि बीते दो वर्षों में राज्य में 50 पुलिस जवानों ने आत्महत्या की है। इस दौरान राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में 18 जवानों ने अपनी जान ली है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page