मंडलायुक्त अशोक सांगवान ने किया वन स्टॉप सेंटर के नए भवन का उद्घाटन

Font Size

गुरूग्राम, 17 फरवरी। गुरूग्राम के मंडलायुक्त डा. अशोक सांगवान ने आज जिला के सिविल लाइन्स में वन स्टाॅप सैंटर के नए भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ गुरूग्राम के उपायुक्त अमित खत्री भी उपस्थित थे।


यह सैंटर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर मंडलायुक्त ने सैंटर में महिलाओं को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। मंडलायुक्त ने इस सैंटर को महिलाओं के लिए काफी लाभकारी बताया और कहा कि जिला गुरूग्राम में इस प्रकार के सैंटर की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के लिए एक स्पोर्ट सिस्टम की तरह काम करेगा जहां महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकती हैं। यहां उनका कानूनी मार्गदर्शन करने के साथ साथ उनकी काउंसलिंग भी की जाती है। मंडलायुक्त ने इस अवसर पर वन स्टाॅप सैंटर में उपस्थित पीड़ित महिलाओं से बातचीत कर उनका फीडबैक भी लिया।


महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी सुनैना ने मंडलायुक्त को बताया कि इस वन स्टाॅप सैंटर में घरेलू हिंसा व दुष्कर्म की शिकार महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक व मानसिक तौर पर सशक्त करने के लिए उनका मार्गदर्शन किया जाता है। इसके साथ ही यहां पीड़ित महिलाओं को पुलिस, मैडिकल और मानसिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने बताया कि इस सैंटर में एडमिनिस्ट्रैटर पिंकी के अलावा, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण से अधिवक्ताओं , पुलिस विभाग से पुलिसकर्मियों, आईटी प्रोफेशनल्स, मनोचिकित्सक व सिक्योरिटी गार्ड नियुक्त किए गए हैं।


उन्होंने बताया कि वन स्टाॅप सैंटर के बारे में महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा, वन स्टाॅप सैंटर को लेकर महिला थानाओं के पुलिसकर्मियों से बैठकें की जा रही हैं ताकि पीड़ित महिलाओं की मदद की जा सके। कार्यक्रम अधिकारी सुनैना ने मंडलायुक्त व उपायुक्त को बताया कि बाद में यहां से जाने वाली पीड़ित महिलाओं का सैंटर के बारे में फीडबैक भी लिया जाता है ताकि भविष्य में वन स्टाॅप सैंटर की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाया जा सके।
कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि घरेलू हिंसा के अंतर्गत मारपीट, रेप अपराध, लैंगिक उत्पीडन, भावनात्मक उत्पीडन, बाल विवाह, महिला तस्करी, दहेज उत्पीड़न, एसिड अटैक, साइबर क्राइम, लावारिस महिलाएं एवं बच्चे, अपहरण तथा महिलाओं से संबंधित अन्य अपराध शामिल है। उन्होंने बताया कि वन स्टाप सेंटर में कानूनी सहायता, चिकित्सा सुविधा, रहने के लिए अल्प आवास की सुविधा दी जाती है। इस सैंटर में पीड़ित महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सुविधा, पुलिस से संबंधित मदद उपलब्ध करवाई जाती है। इसके अलावा, केन्द्र के माध्यम से पांच दिन रूकने वाली महिला को सभी मूलभूत सुविधा दी जाती है।


इस मौके पर वन स्टाॅप सैंटर की एडमिनिस्ट्रैटर पिंकी ने बताया कि सैंटर में महिलाओं की काउंसलिंग करने के साथ साथ उन्हें कानूनी सहायता भी प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला हैल्पलाइन नंबर-1812 तथा 0124-2331100 पर संपर्क करके भी मदद प्राप्त कर सकती है।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री की सुशासन सहयोगी स्वाति, उप सिविल सर्जन डा. सुनीता राठी, सीडीपीओ नेहा, अधिवक्ता ऋतु कपूर सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page