आगरा में किशोरी का गला कटा शव मिला

Font Size

आगरा (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के एक गांव में किशोरी का गला कटा हुआ शव मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण पश्चिम) रवि कुमार ने रविवार को बताया, “पुलिस अपराधी और अपराध का कारण पता लगाने में जुटी है। पीड़िता के शरीर पर यौन हमले के निशान नहीं मिले हैं।”

कुमार के अनुसार बालिका खेड़ागढ़ कस्बे के खाकेगढ़ गांव में अपने घर के नजदीक शनिवार तड़के शौच के लिये खेत में गई थी। जब वह वापस नहीं लौटी तो उसके परिवार ने उसे तलाश किया और एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के बगल में सुनसान जगह पर उसका शव पड़ा हुआ मिला।

एसपी ने कहा कि लड़की का शव खून से लथपथ था। उसका मोबाइल फोन भी उसी के पास पड़ा हुआ था। पुलिस मोबाइल कॉल और संदेशों की जांच कर रही है।

किशोरी के संबंधियों द्वारा सूचना दिये जाने पर पुलिस फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्तों के एक दस्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

उन्होंने कहा कि अपराध का कोई चश्मदीद नहीं मिलने के चलते निगरानी प्रकोष्ठ से मदद के लिये संपर्क किया गया है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page