किरण बेदी ने की उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रशंसा

Font Size

लखनऊ । पुडुचेरी की उप राज्यपाल एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने अयोध्या पर उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद शांति व्यवस्था बनाये रखने तथा कुंभ के दौरान किये गये सुरक्षा इंतजाम को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस की सराहना की।

बेदी ने यहां दो दिवसीय अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि कुंभ के दौरान जो व्यवस्था रही और अयोध्या पर फैसले के बाद जो सुरक्षा इंतजाम रहे, उन्हें लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस सराहना की पात्र है। आम लोगों और मीडिया ने भी बहुत बुद्धिमत्ता से कार्य किया।

बेदी ने कांग्रेस को संबोधित करते हुए ‘बीट पोलिसिंग’ की वकालत की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सकारात्मक संबंध होने चहिए।

कांग्रेस के विभिन्न सत्रों में पुलिस अधिकारी, अनुसंधानकर्ता और अन्य लोग अपने पेपर पेश करेंगे। इससे पहले लखनऊ में इस कांग्रेस का आयोजन 1997 में हुआ था।

पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह ने कहा कि गृह मंत्रालय और पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो मिलकर इस कांग्रेस का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों की चर्चा की, जिन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है।

शुक्रवार को समापन सत्र में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस के लिए जिन विषयों का चयन किया गया, उनमें पोलिसिंग में सुधार, क्षेत्र में जाने पर पेश आने वाली चुनौतियां, आवश्यक उपाय, फोरेंसिक साइंस, संसाधन उन्नयन और जांच में उनका प्रभावी उपयोग, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा शामिल है।

आतंकवाद और कट्टरपंथ से निपटने में सोशल मीडिया की भूमिका पर भी कांग्रेस में चर्चा की जाएगी। बेदी बुधवार को ही यहां आ गयी थीं। उन्होंने प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की।

Table of Contents

You cannot copy content of this page