पुणे से धरा गया झारखंड का इनामी नक्सली

Font Size

दुमका (झारखण्ड)। झारखंड के पाकुड़ में एक पुलिस अधीक्षक की हत्या में शामिल रहे एक लाख रुपये के एक इनामी नक्सली को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया।

पाकुड़ में जुलाई, 2013 में पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार की हत्या में शामिल रहे इनामी नक्सली आकाश को पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार कर लिया।

दुमका के पुलिस अधीक्षक वाई एस रमेश ने सोमवार को यहां मीडिया को बताया कि पुलिस ने आकाश मुर्मू उर्फ आकाश हंसदा नामक झारखंड के अति वांछित इस नक्सली को 13 अक्टूबर को पुणे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नक्सली को लेकर सोमवार को पुलिस दुमका पहुंची।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली पर राज्य सरकार द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। लम्बे समय से पुलिस उसे पकड़ने का प्रयास कर रही थी।

उन्होंने बताया कि पकड़ा गया 28 वर्षीय यह नक्सली दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित लखनपुर गाँव का रहने वाला है जो 2013 से प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन का दस्ता सदस्य है।

पकड़ा गया नक्सली कई वारदात में शामिल रहा है। उसके खिलाफ दुमका जिले के काठीकुंड, शिकारीपाड़ा, रामगढ़ और पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाने में मामले दर्ज हैं।

यह नक्सली दो जुलाई 2013 को दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में हुई पाकुड पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार की हत्या में भी शामिल रहा था। नक्सलियों ने उस दिन घात लगाकर पाकुड़ पुलिस अधीक्षक और उनके साथ चल रहे पुलिसकर्मियों की गाड़ी पर हमला कर दिया था जिसमें एक चालक, तीन पुलिसकर्मियों और पुलिस अधीक्षक की मौत हो गयी थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दिन 24 अप्रैल 2014 को दुमका जिले के शिकारीपाड़ा क्षेत्र में पोलिंग पार्टी पर हुए हमले में भी नक्सली आकाश शामिल था।

You cannot copy content of this page