उप्र में दो मुठभेड़ों में दो इनामी बदमाश ढेर

Font Size

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बागपत और सहारनपुर जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ों में दो कुख्यात इनामी बदमाश मारे गये।

गृह विभाग के सूत्रों ने शनिवार को बताया कि बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र में असारा-सूजती मार्ग के नजदीक स्थित जंगल में शनिवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश विकास गम्भीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसका एक साथी वहां से भाग निकला।

उन्होंने बताया कि विकास को नजदीक एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि विकास पर डकैती और हत्या समेत जघन्य अपराधों के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे और उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी था।

मुठभेड़ के दौरान सिपाही अनुज भी पेट में गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस बीच, सहारनपुर में कुख्यात ‘मुकीम काला’ गिरोह का इनामी बदमाश हफीज पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था।

सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार देर रात वाहनों की जांच के दौरान रोके जाने पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं और कोतवाली देहात क्षेत्र की तरफ भाग गए। रास्ते में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

पुलिस की तरफ से की गई गोलीबारी में हफीज घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया हफीज के खिलाफ मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ और सहारनपुर जिलों में दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे।

सूत्रों के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान हफीज का एक अज्ञात साथी वहां से भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है।

मुठभेड़ में घायल दारोगा और सिपाही को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page