राव नरबीर ने निगम की सभी कालोनियों में साइन बोर्ड लगवाने का दिया निर्देश

Font Size

लोक निर्माण मंत्री ने गुरुग्राम की राम विहार कॉलोनी में सड़कों के निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

गुरुग्राम। हरियाणा के लोक निर्माण तथा वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने आज नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नगर निगम क्षेत्र में सभी कॉलोनियों तथा उन कालोनियों की गलियों में साइन बोर्ड लगवाएं ताकि बाहर से आने वाले व्यक्तियों को पता ढूंढने में दिक्कत ना आए।
वे आज गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में पड़ने वाले राम विहार नामक कॉलोनी में सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास करने उपरांत स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे। राम विहार की गलियों में इंटरलॉकिंग टाइल बिछाई जाएंगी जिन पर लगभग एक करोड़ 41 लाख रुपए की लागत आएगी।
राम विहार कॉलोनी के साथ ही बने अजीत स्टेडियम में राव नरबीर सिंह ने स्थानीय निवासियों की मांग पर एथलेटिक्स ट्रैक तथा बास्केटबॉल ग्राउंड बनाने के निर्देश भी नगर निगम के अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम नगर निगम में पैसे की कमी नहीं है और वर्तमान सरकार विकास करवाने की मंशा रखती है, इसलिए कोई कारण नहीं कि गुरुग्राम में विकास कार्य ना हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्य तभी बाधित होते हैं जब या तो पैसा ना हो या फिर सरकार की नीयत ठीक ना हो। राव नरबीर सिंह ने कहा कि हमारे पास पैसा भी है और हमारी नियत भी काम करने की है। उन्होंने सीधा लोगों से मुखातिब होते हुए कहा कि आप लोगों ने पिछले लगभग साढे 4 वर्षों में देख लिया होगा कि भाजपा सरकार विकास करवाने में विश्वास रखती है और विकास के मामले में किसी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं करती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सबका साथ सबका विकास की सोच पर चलते हुए पूरे हरियाणा प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की पहली बार सरकार बनी थी और पहली पारी में विकास की नींव रखी गई है, अगली बार दूसरी पारी में विकास को और गति दी जाएगी।

इस अवसर पर राव नरबीर सिंह के साथ नगर निगम पार्षद मंगतराम बागड़ी, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता विकास मलिक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page