लोकसभा चुनाव में पूरे दम से लड़ेंगे, विधानसभा चुनाव में बनाएंगे सरकार: राहुल गांधी

Font Size

लखनऊ। प्रियंका गांधी का रोड शो करीब पांच घंटे चला और लखनऊ के लालबाग इलाके में सम्पन्न हुआ। यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैं, ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रियंका यूपी में कांग्रेस को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस फ्रंटफुट पर खेलेगी और 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

राहुल गांधी राफेल मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘द हिंदू’ अखबार में देख लीजिए कि किस तरह राफेल मामले में चोरी की गई है। उन्होंने एक बार फिर चौकीदार चोर है का नारा लगाया। यूपी के हर नागरिक ने नतीजा देख लिया है कि नरेंद्र मोदी ने 5 साल में क्या किया? चौकीदार ने हमें रोजगार नहीं दिया। नरेंद्र मोदी ने कहा था कि 2 करोड़ लोगों को रोजगार मिलेगा। पीएम मोदी ने सिर्फ अनिल अंबानी को फायदा पहुंचाया।

राहुल ने कहा कि यूपी में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मैं मायावती और अखिलेश का आदर करता हूं। हालांकि इस दौरान कार्यकर्ताओं को प्रियंका गांधी का भी सम्बोधन सुनना था, लेकिन उन्होंने भाषण नहीं दिया। इस कारण कार्यकर्ता मायूस भी दिखे। इससे पहले प्रियंका गांधी ने हजरतगंज में महात्मा गांधी, सरदार पटेल और भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

You cannot copy content of this page