केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर का दावा : मोदी सरकार में एक भी घोटाला नहीं

Font Size

लखनऊ । कांग्रेस के खिलाफ आज भारतीय जनता पार्टी के पोल खोल अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर आज लखनऊ में थे। लखनऊ में भाजपा कार्यालय में उन्होंने मीडिया को संबोधित किया। नरेंद्र मोदी सरकार में मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस सरकार तो भ्रष्टाचार में चरम तक डूबी थी। नरेंद्र मोदी सरकार में एक भी घोटाला नहीं हुआ है। राफेल विमान डील को लेकर कांग्रेस के चार झूठ खुल गए हैं। जावड़ेकर ने कहा कि सच्चाई की जीत हुई है। इस बार रक्षा सौदा किसी बिचौलिया के माध्यम से नहीं हुआ है।

सरकार ने सीधा खरीद की है। राफेल का सौदा सरकार और सरकार के बीच हुआ है। इसके बाद भी कांग्रेस से जब मामले को बेकार में तूल दिया तो सुप्रीम कोर्ट ने सारी स्थिति को साफ कर दिया। देश की शीर्ष अदालत ने साफ कहा है कि अच्छे विमानों की जरूरत है।जावडेकर ने कहा कि 60 हजार में से 30 हजार करोड़ का माल भारतीय कंपनियों से खरीदा गया। कांग्रेस ने सात सौ का विमान 16 सौ करोड़ का लेने का आरोप लगाया है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कहा ऐसा नही हुआ।

उन्होंने कहा कि यूपीए ने जो कीमत तय की थी उससे नौ फीसदी कम रही। राफेल की खरीद 20 फीसदी कम कीमत में कई गई। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला और राफेल मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस ने झूठ पर झूठ बोलने की मुहिम चलाई है। झूठ बोलो और जोर से बोलो लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले से झूठ का राजफाश हो गया। जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद देश से और सेना से माफी मांगनी चाहिए।

You cannot copy content of this page