प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला से मिले

Font Size

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला महामहिम श्रीमती किम जुंग-सूक से मुलाकात की।

कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला श्रीमती किम प्रधानमंत्री श्री मोदी के आमंत्रण पर भारत आयी हैं। वह 6 नवम्बर, 2018 को अयोध्या में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले दीपोत्सव समारोह तथा महारानी सुरीताना (हिवो ह्वांग-वोक) स्मारक के भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। अयोध्या और कोरिया का ऐतिहासिक संबंध रहा है। अयोध्या की राजकुमारी सुरीताना 48 सीई में कोरिया गई थीं और उन्होंने कोरिया के राजा सूरो के साथ विवाह किया था।

प्रधानमंत्री और प्रथम महिला श्रीमती किम ने भारत और कोरिया के बीच सभ्यता और आध्यात्मिक संबंधों पर चर्चा की और लोगों के एक-दूसरे के यहां आने-जाने के बारे में विचार विमर्श किया।

कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला श्रीमती किम ने सोल शांति पुरस्कार से प्रधानमंत्री को सम्मानित किए जाने पर उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सम्मान भारत की जनता का सम्मान है।

प्रधानमंत्री ने जुलाई 2018 में कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति मून जाए-इन की सफल भारत यात्रा को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रपति की इस यात्रा से भारत-कोरिया गणराज्य की विशेष रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिली।

You cannot copy content of this page