दीपक कुमार को निशानेबाजी प्रतियोगिता में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में रजत पदक मिला

Font Size

जकार्ता। भारतीय निशानेबाज दीपक कुमार ने सोमवार को 18वें एशियाई खेलों में निशानेबाजी प्रतियोगिता में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम कर लिया है। दूसरी तरफ इसी स्पर्धा में रवि कुमार पदक नहीं जीत पाए, उन्हें चौथा स्थान प्राप्त हुआ।

मीडिया की खबर के अनुसार दीपक ने फाइनल में 247.1 अंक हासिल कर रजत पदक पर कब्जा जमाया। यह एशियाई खेलों के दूसरे दिन भारत की झोली में गिरा पहला पदक है। दीपक ने पहली बार एशियाई खेलों में पदक हासिल किया है।

इससे पहले, क्वालिफिकेशन में दीपक को पांचवां स्थान हासिल हुआ था, वहीं रवि ने चौथा स्थान हासिल किया था।

खबर में कहा गया है कि फाइनल में एक समय पर दीपक बाहर होने की कगार पर था। उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अच्छा प्रदर्शन कर ताइवान लु शाओचुआन को मात देते हुए रजत पर कब्जा जमाया।

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन के यांग हाओरान ने जीता है, वहीं कांस्य पदक शाओचुआन के नाम गया है।

You cannot copy content of this page