डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारत-इजरायल संबंधों पर पत्रिका, ‘नमस्ते शैलोम‘ लांच किया

Font Size

नई दिल्ली : केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डोनर) राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कल यहां भारत-इजरायल संबंधों को समर्पित एक पत्रिका, ‘नमस्ते शैलोम‘ के सोशल मीडिया लांच में भाग लिया। होली का त्यौहार और यहूदियों का पुरीम त्यौहार एक ही दिन मनाया गया। इस पत्रिका के संपादक पूर्व सांसद तरुण विजय हैं। इस अवसर पर भारत में इजरायल के राजदूत डैनियल कारमोन एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत और इजरायल के बीच एक प्राकृतिक रिश्ता है जो समृद्ध सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने पूर्व में कठिनाइयों और सफलताओं दोनों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की इजरायल की यात्रा ने दोनों देशों के बीच मजबूत और गहरे रिश्तों की पुष्टि की। उन्होंने घोषणा की कि अगले सप्ताह 7 मार्च को मिजोरम में इजरायल की विशेषज्ञता के सहयोग साथ एक खाद्य प्रसंस्करण केंद्र की स्थापना की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, इजरायल की सरकार एवं मिजोरम सरकार के सहयोग से एक त्रिपक्षीय परियोजना होगी। हालांकि यह परियोजना मिजोरम में स्थापित की जा रही है लेकिन इससे पूरे उत्तर पूर्व की जरुरतों की पूर्ति होगी।

You cannot copy content of this page