नवोदय विद्यालय से संदिग्ध हालात में छात्र गायब

Font Size

मामला दर्ज , पुलिस खोज में जुटी

फरीदाबाद  : थाना छांयसा एरिया के मोठूका गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय की 12 वीं कक्षा का एक स्टूडेंट गुरुवार को संदिग्ध हालात में लापता हो गया। दिन में करीब 11 बजे लापता हुए स्टूडेंट के बारे में विद्यालय प्रशासन को शाम को 6 बजे जानकारी हुई। जिस पर विद्यालय प्रशासन ने स्टूडेंट की खोजबीन शुरू कर परिजनों व पुलिस को सूचना दी।  3 दिन बीतने के बाद भी स्टूडेंट का कोई सुराग नहीं लग सका है। स्टूडेंट के लापता होने के बाद से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
16 वर्षीय छात्र मोठूका स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय की 12 वीं कक्षा का स्टूडेंट है। वह विद्यालय के ही हॉस्टल में रहकर पढ़ाई पूरी कर रहा है। इन दिनों उसके हाफ इयरली एग्जाम चल रहे हैं। शुक्रवार 30 सितंबर को उसका अंतिम एग्जाम था।  गुरुवार को भी उसने एग्जाम दिया। जिसके बाद वह दोपहर करीब 11 बजे विद्यालय से निकल गया। शाम को करीब 6 बजे हॉस्टल में स्टूडेंट की हाजिरी हुई तो छात्र गायब मिला। जिस पर उसके हॉस्टल मेट ने इंचार्ज को बताया कि वह दोपहर 11 बजे अपने घर चला गया। इस पर इंचार्ज ने संबंधित टीचर आदि से उसकी छुट्टी के बारे में जानकारी हासिल की। मगर किसी ने भी उसकी छ़ुट्टी मंजूरी के बारे में नहीं बताया। इस मामले से विद्यालय के प्रिंसिपल को अवगत कराया गया।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल ने गायब हुए छात्र के बारे में उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने प्रिंसिपल को बताया कि वह घर पर नहीं आया है। स्टूडेंट के गायब होने पर परिजन विद्यालय में आ गए और प्रिंसिपल से उसके गायब होने के बारे में जानकारी ली। प्रिंसिपल ने तत्काल रूप से पुलिस कंट्रोम को सूचना देकर थाना छांयसा में लिखित सूचना दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्टूडेंट के गायब होने के मामले में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
12 वीं कक्षा के स्टूडेंट के गायब होने पर विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठ खड़े हुए हैं। यह स्टूडेंट विद्यालय से गायब किस प्रकार से हुआ है।इसे लेकर विद्यालय प्रशासन भी अपने स्तर पर जांच कर रहा है।
विद्यालय प्रशासन आशंका जता रहा है कि स्टूडेंट दीवार फांदकर निकला है। विद्यालय में कक्षा 6 से लेकर 12 वीं तक करीब 530 स्टूडेंट शिक्षा ग्रहण करते हैं। इन सभी स्टूडेंट के रहने के लिए विद्यालय में ही हॉस्टल बने हुए हैं। प्रिंसिपल सुशील कुमार त्यागी का कहना है कि विद्यालय में सुरक्षा के लिए दो चौकीदार रखे हुए हैं। ये चौकीदार गेट पर तैनात रहते हैं। विद्यालय की दीवार छोटी है। स्टूडेंट दीवार फांदकर ही निकला है। यह स्टूडेंट पढ़ाई में भी कुछ कमजोर था। थाना छांयसा प्रभारी महेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रिंसिपल की शिकायत पर स्टूडेंट के गायब होने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें स्टूडेंट को तलाश करने में लगी है।

You cannot copy content of this page