भागलपुर में विस्फोट : 11 लोगों की मौत एक दर्जन से अधिक घायल

Font Size

भागलपुर :  भागलपुर में कथित तौर पर पटाखे बनाने वाले एक घर में हुए विस्फोट में गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात को कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए। इस घटना में मारे गए लोगों के प्रति प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने संवेदना प्रकट की है.

प्रधानमन्त्री ने अपने संदेश में कहा है कि  ” बिहार के भागलपुर में धमाके से हुई जनहानि की खबर पीड़ा देने वाली है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। घटना से जु़ड़े हालातों पर मुख्यमंत्री @NitishKumar जी से भी बात हुई। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है, और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।”

घायलों का इलाज जिला के जवाहरलाल नेहरू कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। घटना तातारपुर थाना क्षेत्र के काजवालीचक के एक घर में आधी रात के करीब हुई. एक बम विस्फोट के प्रभाव से आधा पक्का घर धराशायी हो गया। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि मकान मालिक अवैध रूप से पटाखे बना रहा था।

भागलपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि हमने अब तक घर के मलबे के नीचे से चार शव निकाले हैं। प्रथम दृष्टया जांच से पता चलता है कि यह पटाखा और देसी बम निर्माण इकाई थी। फॉरेंसिक सैंपल लिए जा रहे हैं। अभी तक केवल एक व्यक्ति की पहचान हुई है।

पुलिस ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य बचाव अभियान था और अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page