जेजेपी का एक माह का सदस्यता अभियान, पौने चार लाख नए सदस्य बनाने का दावा

Font Size

– नए अभियान का भी ऐलान, अब मजबूत-मेहनती साथियों का होगा जेजेपी में स्वागत

चंडीगढ़, 21 जनवरी। जननायक जनता पार्टी द्वारा चलाए एक माह के सदस्यता अभियान के दौरान पौने चार लाख नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा है। पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर चलाए गए अभियान के तहत 3 लाख 65 हजार नए सदस्य बनाए गए। वहीं ऑनलाईन पंजीकरण के तहत 26 हजार से अधिक नए सदस्य पार्टी से जुड़े। वहीं पार्टी ने अपने संगठन को और बढ़ाने के लिए गठबंधन दल भाजपा को छोड़कर अन्य पार्टियों से जुड़े लोगों को पार्टी से जोड़ने के अभियान का भी ऐलान किया है। एक माह तक चलने वाले पार्टी के इस नये अभियान के जरिए पार्टी के साथ नए मजबूत साथी जोड़े जाएंगे। यह जानकारी आज प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री एवं जेजेपी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला ने पंचकुला में हुई पार्टी के सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक के बाद चंडीगढ़ स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताई। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह,  राज्य मंत्री अनूप धानक, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. केसी बांगड़, अशोक शेरवाल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए दुष्यंत चौटाला ने बताया कि  9 दिसंबर को पार्टी के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर सिरसा में आयोजित हुई पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक में सदस्यता अभियान चलाने का फैसला लिया गया था। जिसके बाद पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा 20 दिसम्बर, 2019 से 20 जनवरी, 2020 तक प्रदेशभर में जेजेपी के साथ नए सदस्य जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाया गया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा  प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह के नेतृत्व में इस सदस्यता अभियान को मॉनिटर कर सफल बनाया गया।

उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में घर-घर जाकर 3 लाख 65 हजार नए सदस्य जोड़े। वहीं इस सदस्यता अभियान के लिए शुरू किए गए ऑनलाइन पंजीकरण में 26 हजार से ज्यादा लोग मिस्ड कॉल, वाट्सएप मैसेज व पार्टी की वेबसाइट पर साइन अप के जरिए जेजेपी के नए सदस्य बने। दुष्यंत चौटाला ने बताया  कि सदस्यता अभियान के दौरान जेजेपी के नए सदस्यों का बकायदा वोटर आईडी का नंबर सदस्यता की कॉपी में नोट किया गया और नए सदस्य को पार्टी का पहचान पत्र भी दिया गया है।

वहीं अपने सदस्यता अभियान को सफल बनाने के बाद अब जेजेपी ने एक नए अभियान को शुरू करने का ऐलान भी किया है। इस नए अभियान के बारे में दुष्यंत चौटाला ने बताया कि अगले एक महीने में जेजेपी पदाधिकारी लक्ष्य रखते हुए अन्य संगठन के लोगों को ज्यादा से ज्यादा से जेजेपी के साथ जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान में हमारे गठबंधन दल भाजपा को छोड़कर अन्य सभी दलों के लोगों का जेजेपी में स्वागत किया जाएगा।

चंडीगढ़ में हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में जेजेपी की सदस्यता अभियान पर समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. केसी बांगड़, प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह, पंचकुला ग्रामीण जिलाध्यक्ष भाग सिंह दमदमा, पंचकूला शहरी जिलाध्यक्ष ओपी सिहाग, जेजेपी प्रदेश प्रवक्ता दलबीर धनखड़ समेत पार्टी के सभी 22 जिलों के शहरी व ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page