महाराष्ट्र – जिला परिषद चुनाव: गडकरी-फडणवीस के घर नागपुर में भाजपा हारी

Font Size

31 सीटें जीतने वाली कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी

भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस का गढ़ कहलाने वाले नागपुर में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को हरा दिया है। अब तक घोषित 58 सीटों में से 31 के परिणाम कांग्रेस के खाते में गए हैं। वहीं, भाजपा को सिर्फ 14 सीटें मिली हैं। नागपुर में आरएसएस का मुख्यालय है। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का गृह क्षेत्र भी नागपुर है। यहां भाजपा की हार तीनों बड़े नेताओं के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

*गडकरी के गांव में हारा भाजपा उम्मीदवार*

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गांव धापेवाड़ा से कांग्रेस के महेंद्र डोंगरे विजयी हुए। वहीं, बावनकुले के कोराडी जिला परिषद सर्कल में कांग्रेस के उमेदवार नाना कंभाले ने जीत दर्ज की। नाना कंभाले को 8223 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी संजय मैन्द को 6923 वोट मिले। नागपुर के हिंगना से पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता रमेश बंग के बेटे दिनेश बंग विजयी हुए। येनवा से शेतकरी कामगार पक्ष (शेकाप) के समीर उमप विजयी हुए। आरोली- कोदामेड़ी से कांग्रेस के योगेश देशमुख और गोधनी से कांग्रेस की ज्योति राऊत जीतीं। पथरई -वडंबा से कांग्रेस पार्टी की ज्येष्ठ सदस्य शांता कुमरे तीसरी बार विजयी हुए।

You cannot copy content of this page