लाखों नौजवानों की कुर्बानियों की बदौलत देश को मिली आजादी : राव भोपाल सिंह

Font Size

जनसेवा एवं सांस्कृतिक चेतना मंच के कार्यालय में भोपाल सिंह ने किया झंडोत्तोलन

गुरुग्राम। जनसेवा एवं सांस्कृतिक चेतना मंच के खांडसा रोड स्थित कार्यालय में आयोजित  स्वतंत्रता दिवस समारोह में समाजसेवी राव भोपाल सिंह ने तिरंगा झंडा फहराया। इस मौके पर देशवासियों को संबोधित करते हुए राव भोपाल सिंह ने कहा कि  हमें जो आज आजादी मिली है वो देशभक्त लाखों नौजवानों की कुर्बानियों की बदौलत मिली  है। इसलिए आजादी की कीमत को समझे और भारत को खुशहाल बनाने के  मिशन में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि हमें आज देश के लिए बहुत कुछ करना है। विकास की रोशनी हर घर, हर मोहल्ले्र और फुटपाथ से लेकर झोपड़पट्टी तक में रहने वालें लोगों तक पहुंचानी होगी।
इस मौके पर राव भोपाल सिंह ने आजादी की लड़ाई में अहीरवाल क्षेत्र के लोगों के योगदान की विस्तार से चर्चा की और कहा कि हमें उनके बलिदानों को नहीं भुलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोग देश पर मर मिटने के लिए पहले भी हमेशा तैयार रहते थे और आज भी सेना में देश की रक्षा करते हुए कुर्बानी देने के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश वीरों की भूमि है और हमें अपने देश पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने आज की युवा पीढ़ी को देश के वीर शहीदों से प्रेरणा लेकर देश की सेवा में जुटने का आह्वान किया। इसके बाद स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर देशभक्ति का समां बांध दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए जनसेवा एवं सांस्कृतिक चेतना मंच के संस्थापक व अध्यक्ष रणधीर राय ने कहा कि संस्था का गठन नि:स्वार्थ रूप से देश व समाजसेवा करने के लिए ही किया है। संस्था के कार्यकर्ता दिन रात मेहनत मजदूरी कर अपनी रोजी-रोटी चलाते हैं और उसके बाद जो समय मिलता है वो समाज व देश सेवा के लिए लगाते हैं। वहीं संस्था के महासचिव शंभू प्रसाद ने कहा कि हमारी संस्था सेवा के अलावा जरूरतमंद लोगों को हर तरह से मदद करती है। अगर किसी के साथ अन्याय होता है तो उसका भी जमकर विरोध किया जाता है और हर संभव न्याय दिलाने का प्रयास किया जाता है। इस संस्था से हर क्षेत्र और धर्म के लोग जुड़े हुए हैं।
समारोह को संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दयानंद कनौजिया, उपाध्यक्ष राजेश कुमार, संगठन मंत्री दिलीप गुप्ता, विपिन जायसवाल, रणधीर सिंह, जीतेन्द्र यादव, अजय यादव, केएन पांडेय, विजय शंकर मिश्र, सुरेश शर्मा, अमित पाठक, सच्चिदानंद, आलोक, सुमंत, अभय राय, अशोक कुश्वाहा, मनीष राय, राजेश प्रियम, अजय राय, अजीत गिरी, हिमांशू राय आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का मंच संचालन राजेश तिवारी कर रहे थे।

You cannot copy content of this page