स्पर सेब ने शिमला की फल मंडी में धूम मचा दिया

Font Size

शिमला :  स्पर सेब ने शिमला की भटठकुफर फल मंडी में धूम मचा दिया है। खबर है कि प्रदेश के ठियोग के बागवान का स्पर सेब 3500 रुपये प्रति पेटी की कीमत पर बिका जबकि पिछले साल यह कीमत 2700 से 3000 रुपये तक ही गयी थी.  इस बार सीजन आरम्भ में ही स्पर सेब  3500 रुपये प्रति पेटी के हिसाब से बिका. उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इसकी कीमत और बढ़ने के आसार हैं ।

मीडिया की खबर के अनुसार ठियोग के शाई गांव के बागवान राम स्वरूप का स्पर स्कॉरलेट-टू 3500 रुपये प्रति पेटी बिका। उनका कहना है कि स्पर स्कॉरलेट-टू की 24 पेटियां फल मंडी लेकर आया था जिनमें ‘फर्स्ट’ ग्रेड की 18 और सेकेंड ग्रेड की 6 पेटियां थीं। फर्स्ट ग्रेड का सेब जिसका वजन 28 से 30 किलो था 3500 रुपये में बिका।

उन्होंने बताया कि तीन साल पहले स्पर स्कॉरलेट-टू की कलम लाकर मदर प्लांट तैयार किया था। मदर प्लांट से 200 पेड़ों का बगीचा खड़ा किया। पिछले साल सैंपल के तौर पर सेब के 4 हॉफ बॉक्स ही तैयार हुए। इस बार 24 पेटियां तैयार हुई हैं। अगले साल सौ पेटी से ऊपर उत्पादन का लक्ष्य है।

रामस्वरूप ठियोग के जाने माने सब्जी उत्पादकों में भी गिने जाते हैं। भट्ठाकुफर फल मंडी स्थित पीआरजे ट्रेडर्स के संचालक अशोक शर्मा ने बताया कि ठियोग के टियाली के सेब उत्पादक की 18 पेटियां 3500 रुपये प्रति पेटी के रेट पर बिकी हैं।

सेब की क्वालिटी बहुत बढ़िया है। रंग और वजन में सेब ‘ए’ ग्रेड था। उत्तर प्रदेश बनारस के लदानी (कारोबारी) ने यह सेब खरीदा है। बनारस के बड़े शापिंग कांप्लेक्स और पांच सितारा होटलों में यह सेब बिकेगा।

You cannot copy content of this page