आम आदमी पार्टी ने की हरियाणा में 3 लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों की घोषणा

Font Size

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में 7 पर जजपा और 3 पर आम आदमी पार्टी लड़ेगी

फरीदाबाद लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने नवीन जयहिंद को उतारा

अंबाला से पृथ्वी राज जबकि करनाल से कृष्ण कुमार एडवोकेट

आम आदमी पार्टी ने की हरियाणा में 3 लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों की घोषणा 2

नई दिल्ली । रविवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने हरियाणा की तीन लोक सभा सीटों के लिए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की।

जैसा की ज्ञात है हरियाणा के अंदर आम आदमी पार्टी जजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से 7 सीटों पर जजपा और 3 सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने प्रत्याशी उतार रही है। इसी रणनीति के तहत आज आम आदमी पार्टी की ओर से अपने 3 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई।

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से फरीदाबाद, करनाल और अंबाला लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जिसमें फरीदाबाद लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने नवीन जयहिंद का नाम तय किया है, जो कि आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेश संयोजक हैं। छात्र आंदोलन की राजनीति में सक्रिय रहे हैं, और लोकपाल आंदोलन के समय से ही इस पूरी मुहिम से जुड़े रहे हैं।

अंबाला लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने पृथ्वी राज जी को अपना लोकसभा प्रत्याशी घोषित किया है। जोकि पेशे से आईपीएस अधिकारी रहे हैं, पूर्व में डीजीपी के पद पर भी आसीन रहे हैं, इसी के साथ साथ सामाजिक दलित आंदोलनों में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई है।

करनाल लोकसभा से आम आदमी पार्टी ने एडवोकेट कृष्ण कुमार अग्रवाल जी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वर्तमान समय में कृष्ण कुमार अग्रवाल जी पानीपत जिला न्यायालय में अपनी प्रेक्टिस करते हैं। साथ ही साथ अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। अपने समाज के कल्याणकारी कार्यों में उनकी सक्रियता काफी लंबे समय से है। अपने कार्य के साथ-साथ लंबे समय से आम आदमी पार्टी का समर्थन करते रहे हैं।

गोपाल राय ने बताया कि यह तीनों प्रत्याशी मंगलवार 23 अप्रैल 2019 तक अपने नामांकन को भरने की प्रक्रिया को संपन्न करेंगे। उन्होंने कहा कि जींद उपचुनाव की तरह ही अब हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी और जजपा के प्रत्याशी पूरे दमखम से चुनाव लड़ेंगे और भाजपा को हराने का काम करेंगे।

दिल्ली के लोकसभा चुनाव पर बात करते हुए गोपाल राय ने बताया कि आम आदमी पार्टी के पश्चिमी दिल्ली लोकसभा प्रत्याशी का नामांकन हो चुका है, और 20 तारीख को तीन अन्य लोकसभा, जिसमें पूर्वी दिल्ली, चांदनी चौक एवं उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा का नामांकन होना था, आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस का असली चरित्र जनता के सामने लाने के लिए वह नामांकन कार्यक्रम रद्द किया।

जिस प्रकार से कांग्रेस दिल्ली और देश की जनता के सामने झूठ फैला रही है, कि आम आदमी पार्टी गठबंधन से भाग रही है। उनका असली चरित्र जनता के सामने लाने के लिए हमने अपनी तीनों लोकसभा प्रत्याशियों का नामांकन रोक कर उनको समय दिया, ताकि वह कोई निर्णय ले सकें। लेकिन कांग्रेस का मूल चरित्र एक बार फिर निकल कर सामने आया और अंततः उन्होंने अपनी बात से पलटी मारी और किसी भी प्रकार के गठबंधन से इंकार करते हुए सभी संभावनाओं को विराम दिया।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अब तय किया है,कि जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी हरियाणा में जजपा के साथ मिलकर भाजपा को हरा रही है, उसी प्रकार से दिल्ली में अपने दम पर चुनाव लड़ कर भाजपा को हराने का काम करेगी, और साथ ही साथ कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को जनता के सामने बेनकाब करने का काम करेगी।

कल आम आदमी पार्टी के बाकी 6 लोकसभा सीटों के प्रत्याशी अपना-अपना नामांकन भरेंगे। उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा से दिलीप पांडे कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम जी की मौजूदगी में अपना नामांकन भरेंगे। पूर्वी दिल्ली लोकसभा प्रत्याशी आतिशी उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जी की मौजूदगी में अपना नामांकन भरेंगी। नई दिल्ली लोकसभा से बृजेश गोयल राज्यसभा सांसद एनडी गुप्ता जी की मौजूदगी में अपना नामांकन भरेंगे, उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा से गूगन सिंह जी राज्यसभा सांसद संजय सिंह एवं कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत की मौजूदगी में अपना नामांकन भरेंगे, चांदनी चौक लोकसभा से पंकज गुप्ता कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन एवं कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन की मौजूदगी में अपना नामांकन भरेंगे, और दक्षिणी दिल्ली से आप लोकसभा प्रत्याशी राघव चड्ढा अपना नामांकन भरेंगे।

प्रेस वार्ता में मौजूद जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला जी ने कहा कि आज कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है, कि कांग्रेस अपने 4 प्रत्याशी भी तय नहीं कर पा रही है। यह दर्शाता है कि आप और जजपा के गठबंधन से कहीं ना कहीं कांग्रेस पार्टी भी घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा को अगर कोई हरा सकता है तो वह केवल आप और जजपा का गठबंधन ही है।

उन्होंने कहा कि सांझी रणनीति के तहत आप और जजपा ने मिलकर हरियाणा में प्रचार अभियान करने का तय किया है। एक दिन एनएच 1 जो कि अब एनएच 44 हो गया है, और एक दिन एनएच 9 पर, कुल मिलाकर 2 दिन का एक रोड शो प्लान किया गया है। इसके अलावा अगले महीने में 2 बड़ी जनसभाएं हरियाणा के अंदर की जाएंगी। इस कार्यक्रम में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला तथा आम आदमी पार्टी एवं जजपा के समस्त कार्यकर्ता गण साथ मिलकर प्रचार प्रसार का काम करेंगे।

दुष्यंत चौटाला जी ने बताया कि कल रोहतक लोकसभा के लिए जननायक जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रदीप देशवाल का नामांकन भरवाया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया का सारा काम आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक नवीन जय हिंद एवं डॉ जय सिंह चौटाला जी के नेतृत्व में किया जाएगा। वहीं महेंद्रगढ़ लोकसभा के लिए जजपा से प्रत्याशी स्वाति यादव जी का नामांकन श्रीमती नैना चौटाला जी और सुशील गुप्ता जी के नेतृत्व में करवाया जाएगा। इसी के साथ साथ जो प्रस्तावित प्रत्याशी हैं उनके नामांकन से संबंधित जानकारी भी आज शाम तक सार्वजनिक कर दी जाएगी।

You cannot copy content of this page