बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, लगातार चौथे दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन

Font Size

जम्मू : पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए शनिवार को लगातार चौथे दिन जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों और असैन्य क्षेत्रों में मोर्टार से गोले दागे। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने 2018 में 1600 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जो सर्वोच्च है।

उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ सेक्टर में शुक्रवार को अग्रिम चौकियों और असैन्य क्षेत्रों में मोर्टार से बम दागे। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मनकोट, खादी करमारा, गुलपुर क्षेत्रों को निशाना बनाया जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ। गोलीबारी और गोलाबारी देर रात तक चली। उन्होंने बताया कि सीमा की रक्षा कर रहे भारतीय सैनिकों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तानी सैनिकों ने पिछले तीन दिनों में पुंछ में अग्रिम चौकियों और असैन्य क्षेत्रों में गोलाबारी की है।

उन्होंने बताया कि संयम बरतने और शांति कायम रखने के लिए 2003 के संघर्ष विराम समझौते का पालन करने के लिए बार-बार आह्वान किए जाने के बावजूद पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना किसी उकसावे के हमला किया है। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में शनिवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों को अरिपल गांव में आंतकवादियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। उसके आधार पर शनिवार सुबह घेराबंदी और खोज अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की ओर से गोलीबारी किए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारी ने कहा कि गोलीबारी अभी भी जारी है।

You cannot copy content of this page